चौकीमन्यार महाविद्यालय में हिंदी दिवस, भाषण व कविता पाठ में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में हर्षोल्लास से मनाया हिंदी दिवस
ऊना/वीरेंद्र बन्याल/ हिमाचल नाऊ न्यूज।
उप तहसील जोल एवं ग्राम पंचायत चौकीमन्यार के राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में हिंदी दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) एवं रोड सेफ्टी क्लब के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इस अवसर पर भाषण एवं कविता पाठ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा एवं उसके महत्व से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार तर्कपूर्ण, प्रभावशाली एवं आत्मविश्वासपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में सूर्यवीर, बी.ए. तृतीय वर्ष ने प्रथम, तानिया ने द्वितीय तथा तमन्ना ने तृतीय स्थान हासिल किया।
इसी क्रम में आयोजित कविता पाठ प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर अपनी रचनाओं का भावपूर्ण एवं प्रभावशाली पाठ प्रस्तुत कर खूब सराहना बटोरी। प्रतियोगिता में पूनम, बी.ए. तृतीय वर्ष ने प्रथम, अनामिका, बी.ए. द्वितीय वर्ष ने द्वितीय तथा मीनाक्षी, बी.ए. तृतीय वर्ष ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बलविंदर सिंह राणा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए हिंदी भाषा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में हिंदी भाषा का अधिकाधिक प्रयोग करने तथा हिंदी साहित्य के अध्ययन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम ही नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध सांस्कृतिक एवं साहित्यिक विरासत की पहचान भी है। विद्यार्थियों को भाषा के प्रति सम्मान और उसके विकास में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के इको क्लब, आपदा प्रबंधन क्लब एवं खेलकूद क्लब के सदस्यों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतियोगिताओं के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता, अभिव्यक्ति कौशल और साहित्यिक प्रतिभा का परिचय दिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्रो. कविता कौशल, प्रो. नवीन शर्मा सहित प्राध्यापक वर्ग एवं समस्त कार्यालय स्टाफ विशेष रूप से उपस्थित रहा। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में हिंदी भाषा एवं साहित्य के प्रति रुचि और उत्साह को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।