RIMC: जुलाई 2027 सत्र की प्रवेश परीक्षा 6 दिसंबर को, 30 सितंबर तक आवेदन
RIMC: राष्ट्रीय इंडियन मिलिट्री कॉलेज में जुलाई 2027 सत्र के दाखिले की प्रवेश परीक्षा 6 दिसंबर को पेन-पेपर मोड में आयोजित की जाएगी। पात्र अभ्यर्थी 30 सितंबर शाम पांच बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद 1 से 7 अक्टूबर शाम पांच बजे तक 500 रुपये के अतिरिक्त विलंब शुल्क के साथ आवेदन का अवसर मिलेगा।
धर्मशाला
अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की ओर से आयोजित प्रवेश परीक्षा की अवधि चार घंटे 30 मिनट होगी। इसके लिए 2 जुलाई 2013 से 1 जनवरी 2015 के बीच जन्मे अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। नियमित आवेदन की अंतिम तारीख 30 सितंबर है, जबकि शुल्क का भुगतान उसी दिन रात 11:50 बजे तक किया जा सकेगा। विलंब शुल्क के साथ आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को 7 अक्टूबर रात 11:50 बजे तक निर्धारित शुल्क जमा करवाना होगा।
परीक्षा शुल्क और ओबीसी-एनसीएल की शर्त
सामान्य वर्ग, रक्षा कर्मियों एवं पूर्व सैनिकों के बच्चों और केंद्रीय सूची में शामिल ओबीसी-एनसीएल अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा शुल्क एक हजार रुपये निर्धारित किया गया है। एससी और एसटी वर्ग के अभ्यर्थियों को 750 रुपये शुल्क देना होगा। निर्धारित अवधि के बाद आवेदन करने पर परीक्षा शुल्क के अतिरिक्त 500 रुपये विलंब शुल्क लगेगा। ओबीसी-एनसीएल अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले यह सुनिश्चित करना होगा कि उनकी जाति केंद्रीय ओबीसी सूची में शामिल हो। केवल राज्य की ओबीसी सूची में शामिल अभ्यर्थियों को यह लाभ नहीं मिलेगा।
फरवरी तक प्रस्तावित है लिखित परीक्षा का परिणाम
लिखित परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों के उत्तर पत्रक, प्रश्नपत्र सेट और उत्तर कुंजी एनटीए की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी। लिखित परीक्षा का परिणाम 20 फरवरी 2027 तक घोषित किया जाना प्रस्तावित है। इसमें सफल अभ्यर्थियों के लिए अप्रैल 2027 में दूसरे चरण की मौखिक परीक्षा प्रस्तावित है। इसकी तारीख बाद में एनटीए और आरआईएमसी की वेबसाइट पर जारी की जाएगी। परीक्षा केंद्र और समय की जानकारी प्रवेश पत्र में दी जाएगी। परीक्षा शहर की सूचना करीब 12 से 15 दिन पहले और प्रवेश पत्र पांच से सात दिन पहले जारी होगा।