राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित
राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन, परीक्षा प्रणाली, छात्र कल्याण योजनाओं एवं विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी गई।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के प्रथम वर्ष के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए सोमवार को ओरिएंटेशन कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों, अनुशासन, परीक्षा प्रणाली, विभिन्न क्लबों तथा छात्र कल्याण योजनाओं की जानकारी प्रदान कर उन्हें महाविद्यालयीन जीवन के लिए तैयार करना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बलविंदर सिंह राणा ने की। उन्होंने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का महाविद्यालय परिवार में हार्दिक स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय जीवन व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण चरण होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन, समय-पालन एवं नैतिक मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों से पुस्तकालय, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों, एनएसएस, रेड क्रॉस, करियर परामर्श, छात्रवृत्ति योजनाओं एवं अन्य शैक्षणिक अवसरों का भरपूर लाभ उठाने का आह्वान किया।
ओरिएंटेशन कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020), विषय चयन प्रक्रिया, आंतरिक मूल्यांकन, उपस्थिति नियम, परीक्षा प्रणाली, एंटी-रैगिंग नियमों तथा छात्र सहायता सेवाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें सकारात्मक सोच और लक्ष्य-उन्मुख विद्यार्थी जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक वर्ग में प्रो. कविता कौशल, डॉ. राम कुमार नेगी, डॉ. सगुन डोगरा, प्रो. नवीन शर्मा सहित अन्य शिक्षकों एवं कार्यालय कर्मचारियों की भी विशेष उपस्थिति रही।कार्यक्रम के अंत में नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने महाविद्यालय प्रशासन द्वारा दी गई उपयोगी जानकारी के लिए आभार व्यक्त किया और नए उत्साह एवं ऊर्जा के साथ अपने शैक्षणिक सफर की शुरुआत करने का संकल्प लिया।

