सोलन के 60 से अधिक उद्यमियों को रैम्प योजना, GeM और AI की मिली जानकारी
सोलन में उद्योग विभाग ने रैम्प योजना के तहत एक दिवसीय साझेदार कार्यक्रम आयोजित कर 60 से अधिक उद्यमियों और हितधारकों को सरकारी योजनाओं, GeM पंजीकरण, सरकारी खरीद प्रक्रिया, AI आधारित हस्तक्षेपों और डिजिटल समाधानों की जानकारी दी। कार्यक्रम का उद्देश्य सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों के व्यवसाय विकास तथा प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को बढ़ावा देना रहा।
सोलन
जिला उद्योग केंद्र सोलन के महाप्रबंधक सुरेंद्र ठाकुर ने उद्यमियों को प्रदेश सरकार की ओर से उद्योगों के लाभ के लिए क्रियान्वित की जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने प्रतिभागियों से इन योजनाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया। साथ ही उद्योग केंद्रित आधुनिक तकनीकों को अपनाने और अपने व्यवसाय की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में विशेषज्ञ प्रशिक्षक ऋषभ श्याम और पुनीत कुमार ने भी विभिन्न विषयों पर जानकारी साझा की।
GeM पंजीकरण और सरकारी खरीद प्रक्रिया पर चर्चा
कार्यक्रम के दौरान गिफ्ट एवं स्पाइस योजना के तहत उपलब्ध सहायता और अवसरों के बारे में बताया गया। इसके साथ ही गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस यानी GeM पोर्टल पर पंजीकरण और सरकारी खरीद प्रक्रिया में भागीदारी को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिभागियों को सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग और व्यवसाय विस्तार से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।
विशेषज्ञों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित हस्तक्षेपों और डिजिटल समाधानों के माध्यम से सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों की कार्यक्षमता, उत्पादकता, ब्रांड प्रचार और बाजार तक पहुंच बढ़ाने की संभावनाओं की जानकारी दी। प्रश्नोत्तर सत्र में प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश के एमएसएमई क्षेत्र को सरकारी सहायता, डिजिटल व्यापार और आधुनिक तकनीकी समाधानों से जोड़कर उसके सतत विकास को प्रोत्साहित करना था।