राजकीय महाविद्यालय चौकी मन्यार में चला स्वच्छता अभियान, विद्यार्थियों ने दिया पॉलीथीन मुक्त परिसर का संदेश
राजकीय महाविद्यालय चौकी मन्यार में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई और इको क्लब के संयुक्त तत्वावधान में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान आयोजित किया गया। अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने महाविद्यालय परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छ और पॉलीथीन मुक्त वातावरण का संदेश दिया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया गया।
ऊना/चिंतपूर्णी/वीरेंद्र बन्याल
अभियान के दौरान एनएसएस स्वयंसेवकों और इको क्लब के सदस्यों ने महाविद्यालय परिसर, कक्षाओं, गलियारों और आसपास के क्षेत्रों की व्यापक सफाई की। विद्यार्थियों ने परिसर में फैले कूड़े-कचरे को एकत्र कर उसका उचित निस्तारण किया तथा प्लास्टिक और पॉलीथीन अपशिष्ट हटाकर स्वच्छ एवं हरित वातावरण बनाने में सक्रिय योगदान दिया।
एकल उपयोग प्लास्टिक से बचने का दिया संदेश
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को एकल-उपयोग प्लास्टिक और पॉलीथीन के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। सभी ने महाविद्यालय परिसर को पूरी तरह पॉलीथीन मुक्त बनाए रखने का संकल्प लिया। साथ ही दैनिक जीवन में कपड़े और जूट के थैलों के उपयोग को अपनाने तथा पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश भी दिया गया।
स्वच्छता को जीवनशैली बनाने का आह्वान
महाविद्यालय के प्राचार्य ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने तथा भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आग्रह किया। इस अवसर पर प्रो. कविता कौशल, डॉ. रामकुमार नेगी, डॉ. सगुन डोगरा, प्रो. नवीन शर्मा सहित प्राध्यापक और कार्यालय स्टाफ भी उपस्थित रहे।