Loading...

बाबा साहेब के सपनों का भारत बनाने का काम कांग्रेस ने किया और करती रहेगी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 23 Hours Ago • 1 Min Read

नानकचंद ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अनुसूचित जाति विभाग में राष्ट्रीय संयोजक का कार्यभार संभाल लिया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने सामाजिक न्याय, संविधान की रक्षा और वंचित वर्गों के अधिकारों को लेकर संगठन की प्रतिबद्धता दोहराई।

देहरादून

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अनुसूचित जाति विभाग में उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नानकचंद ने राष्ट्रीय संयोजक का कार्यभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण समारोह में कांग्रेस नेताओं ने सामाजिक न्याय, संविधान की रक्षा और बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों को लेकर केंद्र सरकार पर अप्रत्यक्ष निशाना साधते हुए कांग्रेस की विचारधारा को मजबूती से आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम मौजूद रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने की। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि नानकचंद की नियुक्ति केवल एक संगठनात्मक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि उत्तराखंड कांग्रेस परिवार के लिए सम्मान और गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी नानकचंद के लंबे संघर्ष, संगठन के प्रति समर्पण और समाज के वंचित वर्गों के लिए लगातार किए गए कार्यों का परिणाम है।मुख्य अतिथि राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि कांग्रेस हमेशा सामाजिक न्याय, समान अवसर और संवैधानिक मूल्यों की सबसे मजबूत आवाज रही है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के सपनों का भारत बनाने का कार्य कांग्रेस निरंतर करती रही है और आगे भी करती रहेगी।

गौतम ने कहा कि अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़े वर्ग और कमजोर तबकों के अधिकारों की रक्षा कांग्रेस की ऐतिहासिक जिम्मेदारी रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि नानकचंद अपने अनुभव और संघर्षशील व्यक्तित्व के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर समाज की आवाज को और मजबूती से उठाएंगे।उत्तराखंड कांग्रेस के संचार विभाग के सचिव वैभव वालिया ने राजेंद्र पाल गौतम के उत्तराखंड आगमन को कार्यकर्ताओं के लिए ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों की सबसे मजबूत आवाज है तथा नानकचंद के नेतृत्व में अनुसूचित जाति विभाग को नई दिशा मिलेगी।

नवनियुक्त राष्ट्रीय संयोजक नानकचंद ने कहा कि वह अनुसूचित जाति समाज के अधिकारों और सम्मान की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर और बुलंद करेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड कांग्रेस सामाजिक न्याय, दलित सम्मान और संविधान की रक्षा के लिए पूरी ताकत से संघर्ष जारी रखेगी।उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल पदभार ग्रहण समारोह नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय के संघर्ष को और मजबूत करने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ता पूरी ताकत से काम करेंगे।

इस दौरान धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नंबर-73 से निर्दलीय पार्षद प्रत्याशी रहे सतेंद्र वर्मा ने भी कांग्रेस का दामन थाम लिया।कार्यक्रम का संचालन सीपी सिंह ने किया। इस अवसर पर एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी, यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह भोजक, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मदन लाल, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सुलेमान अंसारी सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।