Loading...

माकपा ने राजस्व घाटा अनुदान और विशेष राज्य का दर्जा बहाल करने की उठाई मांग

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 21 Mins Ago • 1 Min Read

माकपा की हिमाचल प्रदेश राज्य कमेटी ने प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर चिंता जताते हुए केंद्र सरकार से बंद किया गया राजस्व घाटा अनुदान फिर शुरू करने और हिमाचल का विशेष राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग की है। पार्टी ने शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और कृषि से जुड़े मुद्दों पर केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ संघर्ष तेज करने का निर्णय भी लिया है।

शिमला

भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की दो दिवसीय बैठक 24 और 25 नवंबर, 2026 को शिमला में हुई। बैठक में पोलित ब्यूरो सदस्य विजय राघवन ने केंद्रीय कमेटी की बैठक की रिपोर्ट रखी, जबकि राज्य सचिव संजय चौहान ने प्रदेश की राजनीतिक परिस्थिति और संगठन से संबंधित रिपोर्ट पेश की। बैठक की अध्यक्षता ओंकार शाद ने की। इस दौरान प्रदेश की आर्थिक स्थिति, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं, बिजली क्षेत्र, कृषि संकट और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई।

आर्थिक स्थिति पर जताई चिंता

माकपा ने दावा किया कि सीमित आय के साधनों और राजस्व घाटा अनुदान बंद होने से प्रदेश पर कर्ज का बोझ बढ़कर एक लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। पार्टी के अनुसार, वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में राजकोषीय घाटा 9,698.03 करोड़ रुपये रहने का अनुमान था, जबकि ताजा आकलन में इसके 13,836.84 करोड़ रुपये तक पहुंचने की संभावना है। यह बजट अनुमान से 4,138.81 करोड़ रुपये अधिक है। पार्टी ने कहा कि सकल राज्य घरेलू उत्पाद के अनुपात में भी घाटा 3.49 प्रतिशत से बढ़कर 4.99 प्रतिशत होने की आशंका है।

पार्टी ने कहा कि आर्थिक स्थिति का हवाला देकर कर्मचारियों, पेंशनरों और किसानों के लंबित भुगतान रोके जा रहे हैं। बैठक में केंद्र सरकार से राजस्व घाटा अनुदान और विशेष राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग दोहराई गई। माकपा ने महंगाई और बेरोजगारी पर भी चिंता जताई। पार्टी के अनुसार, थोक महंगाई दर अगस्त में 9.92 प्रतिशत थी, जो अक्टूबर में बढ़कर 12.29 प्रतिशत हो गई। दूध, प्याज, दाल, तेल और सब्जियों की कीमतें बढ़ने से आम लोगों पर आर्थिक दबाव बढ़ा है।

स्कूलों में रिक्त पद भरने की मांग

बैठक में राष्ट्रीय शिक्षा नीति का विरोध करते हुए इसे तत्काल रोकने और सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के रिक्त पद भरने की मांग की गई। पार्टी ने दावा किया कि प्रदेश में अब तक 1,526 स्कूल बंद किए गए हैं और 151 स्कूलों को सीबीएसई से संबद्ध किया गया है। माकपा के अनुसार, स्कूलों में 12 हजार से अधिक पद खाली हैं, जो कुल पदों का करीब 18 प्रतिशत हैं। पार्टी ने यह भी कहा कि सीबीएसई से संबद्ध स्कूलों में लगभग 45 प्रतिशत शिक्षक पद रिक्त हैं और कुछ भर्तियां दस महीने के अनुबंध व निश्चित वेतन पर की जा रही हैं।

माकपा ने राजस्व घाटा अनुदान और विशेष राज्य का दर्जा बहाल करने की उठाई मांग

माकपा ने प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर भी सवाल उठाए। पार्टी के अनुसार, आईजीएमसी, एआईएमएसएस चमियाना, टांडा और अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में डॉक्टरों, नर्सों, पैरामेडिकल कर्मचारियों तथा अन्य श्रेणियों के सैकड़ों पद रिक्त हैं। पार्टी ने लैब जांच, सीटी स्कैन और एमआरआई सेवाओं के संचालन को लेकर भी चिंता जताई। रोबोटिक सर्जरी का शुल्क बढ़ाकर 60 हजार और 80 हजार रुपये किए जाने तथा एक्सरे शुल्क शुरू करने का विरोध करते हुए माकपा ने हिमकेयर योजना को निजी कंपनी को सौंपने पर भी आपत्ति जताई।

बिजली और कृषि क्षेत्र के मुद्दे उठाए

पार्टी ने बिजली क्षेत्र के निजीकरण का आरोप लगाते हुए स्मार्ट मीटर लगाने और सब्सिडी समाप्त करने की प्रक्रिया का विरोध किया। माकपा ने कहा कि बिजली बोर्ड में पिछले चार वर्षों से भर्ती पर रोक है, जबकि एलटी और एचटी लाइनों तथा सब-स्टेशनों से जुड़े कार्य ठेकेदारों और आउटसोर्स व्यवस्था के माध्यम से करवाए जा रहे हैं। बैठक में बिजली बोर्ड में नियमित भर्ती शुरू करने और सार्वजनिक सेवाओं को निजी हाथों में देने की प्रक्रिया रोकने की मांग की गई।

कृषि और बागवानी क्षेत्र पर चर्चा के दौरान पार्टी ने सूखे जैसी स्थिति, मौसम में बदलाव और सरकारी नीतियों को किसानों तथा बागवानों के संकट का कारण बताया। माकपा के अनुसार, इस वर्ष सेब उत्पादन करीब 1.47 करोड़ पेटियों तक रहा, जो पिछले 15 वर्षों में सबसे कम है। पार्टी ने दावा किया कि मंडी मध्यस्थता योजना के तहत खरीदे गए सेब का करीब 125 करोड़ रुपये भुगतान तीन वर्षों से लंबित है। माकपा ने यह राशि तुरंत जारी करने और बागवानों को नोटिस भेजने की कार्रवाई रोकने की मांग की।

जलविद्युत परियोजनाओं में हिस्सेदारी की मांग

माकपा ने बीबीएमबी में हिमाचल की हिस्सेदारी, करछम वांगतू परियोजना की रॉयल्टी से संबंधित सर्वोच्च न्यायालय के फैसले और किशाऊ बांध परियोजना समझौतों का स्वागत किया। पार्टी ने केंद्र सरकार से अन्य जलविद्युत परियोजनाओं में भी हिमाचल की रॉयल्टी कम से कम 18 प्रतिशत तय करने की मांग की। इसके साथ ही सभी पनविद्युत परियोजनाओं में एक प्रतिशत राशि स्थानीय क्षेत्र विकास निधि के रूप में देने की मांग उठाई गई।

बैठक में एसआईआर को हिमाचल प्रदेश में लागू नहीं करने और इसे देशभर में रद्द करने की मांग की गई। माकपा ने बताया कि 26 नवंबर, 2026 को संविधान दिवस, 10 दिसंबर को मानवाधिकार दिवस और 20 दिसंबर को बूथ स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी ने 26 जनवरी, 2027 को भी कार्यक्रम करने का निर्णय लिया। इसके अतिरिक्त दिल्ली के रामलीला मैदान में विभिन्न ट्रेड यूनियनों की ओर से प्रस्तावित मार्च और महाधरने का समर्थन करते हुए श्रमिकों से इसमें शामिल होने की अपील की गई।

Related Topics: •