Loading...

हिमाचल की बिजली पर बढ़ेगा अपना हक, 40 साल बाद 50 फीसदी मुफ्त बिजली, 50 साल बाद परियोजनाएं होंगी राज्य की

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 21 Mins Ago • 1 Min Read

हिमाचल प्रदेश सरकार ने जलविद्युत परियोजनाओं से राज्य की आमदनी और हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए स्वर्ण जयंती ऊर्जा नीति-2021 में संशोधन को मंजूरी दी है। नए प्रावधानों के तहत केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों की बिजली परियोजनाओं के संचालन के 40 वर्ष पूरे होने पर अगले 10 वर्षों तक हिमाचल को 50 प्रतिशत मुफ्त बिजली रॉयल्टी मिलेगी। वहीं, 50 वर्ष पूरे होने पर संबंधित परियोजनाओं को बिना किसी लागत के राज्य सरकार को हस्तांतरित करने का प्रावधान किया गया है।

हिमाचल प्रदेश

40 साल बाद आधी बिजली मुफ्त देने का प्रावधान

प्रदेश सरकार ने एनएचपीसी, एसजेवीएन और एनटीपीसी द्वारा संचालित जलविद्युत परियोजनाओं से मिलने वाली मुफ्त बिजली की हिस्सेदारी बढ़ाने का निर्णय लिया है। संशोधित ऊर्जा नीति के तहत इन परियोजनाओं के संचालन के 40 वर्ष पूरे होने पर अगले 10 वर्षों तक 50 प्रतिशत बिजली राज्य सरकार को मुफ्त रॉयल्टी के रूप में देने का प्रावधान किया गया है। इससे प्रदेश को अपने प्राकृतिक जल संसाधनों से अधिक आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है।

बिना एक रुपया खर्च किए हिमाचल को मिलेंगी बिजली परियोजनाएं

संशोधित नीति के तहत जलविद्युत परियोजनाओं के संचालन के 50 वर्ष पूरे होने पर उनका स्वामित्व राज्य सरकार को हस्तांतरित करने की व्यवस्था की गई है। हस्तांतरण से पहले संबंधित परियोजनाओं को सभी प्रकार की देनदारियों से मुक्त करना होगा। इसके लिए हिमाचल सरकार संबंधित केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों के साथ अलग-अलग समझौते करेगी।

30 से बढ़ाकर 50 प्रतिशत की गई मुफ्त बिजली रॉयल्टी

मौजूदा ऊर्जा नीति के तहत परियोजनाओं के संचालन के पहले 12 वर्षों तक हिमाचल को 12 प्रतिशत, अगले 18 वर्षों तक 18 प्रतिशत और उसके बाद 10 वर्षों तक 30 प्रतिशत मुफ्त बिजली रॉयल्टी देने की व्यवस्था है। अब संशोधित नीति में संचालन के 41वें से 50वें वर्ष तक 50 प्रतिशत मुफ्त बिजली रॉयल्टी का प्रावधान किया गया है। पहले से संचालित केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों की परियोजनाओं को भी इसके दायरे में लाया गया है।

हिमाचल की इन नौ बड़ी बिजली परियोजनाओं पर लागू होंगे नए प्रावधान

संशोधित ऊर्जा नीति के दायरे में एनएचपीसी की बैरा स्यूल, चमेरा-1, चमेरा-2, चमेरा-3, पार्वती चरण-2 और पार्वती चरण-3 जलविद्युत परियोजनाएं आएंगी। इसके अलावा एसजेवीएन की नाथपा झाकड़ी और रामपुर जलविद्युत परियोजनाओं के साथ एनटीपीसी की कोल बांध परियोजना को भी शामिल किया गया है।

बैरा स्यूल परियोजना के पहले ही पूरे हो चुके हैं 40 साल

चंबा जिले की बैरा स्यूल जलविद्युत परियोजना का संचालन वर्ष 1982 में शुरू हुआ था। इस परियोजना को बिजली उत्पादन करते हुए 40 वर्ष से अधिक का समय हो चुका है। ऐसे में बढ़ी हुई मुफ्त बिजली रॉयल्टी के लिहाज से यह परियोजना विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। हालांकि, नए प्रावधानों को लागू करने के लिए संबंधित उपक्रम के साथ समझौता किया जाना बाकी है।

प्रदेश की आमदनी बढ़ाने में मददगार साबित होगा फैसला

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल के प्राकृतिक संसाधनों से होने वाले लाभ में प्रदेश की उचित हिस्सेदारी सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। जलविद्युत राज्य की आय के प्रमुख स्रोतों में शामिल है। मुख्यमंत्री के अनुसार मुफ्त बिजली रॉयल्टी में वृद्धि से प्रदेश की वित्तीय स्थिति मजबूत होगी और विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए अतिरिक्त आर्थिक संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे।

Related Topics: • •