क्यारियां और धनेत स्कूलों में 10 लाख रुपये के विकास कार्यों की घोषणा
ऊना जिले के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला क्यारियां और धनेत में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए कुल 10 लाख रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की गई। वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोहों में कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया और दोनों स्कूलों में विभिन्न सुविधाएं विकसित करने के लिए धनराशि देने का ऐलान किया।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
विधायक विवेक शर्मा ने धनेत स्कूल के खेल मैदान के विकास के लिए दो लाख रुपये देने की घोषणा की। क्यारियां स्कूल में मुख्य गेट से स्टेज तक संपर्क मार्ग बनाने के लिए तीन लाख रुपये, स्टेज निर्माण के लिए दो लाख रुपये और चारदीवारी के निर्माण के लिए तीन लाख रुपये देने का ऐलान किया गया। इसके अतिरिक्त दोनों विद्यालयों के विद्यार्थियों के जलपान के लिए 11-11 हजार रुपये देने की भी घोषणा की गई।
समारोहों में शैक्षणिक, खेलकूद, सांस्कृतिक और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। विधायक ने विद्यार्थियों से निरंतर मेहनत करने, लक्ष्य निर्धारित करने और किताबी ज्ञान के साथ खेलकूद, सांस्कृतिक तथा रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियों से विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ने के साथ उनके व्यक्तित्व का समग्र विकास होता है।
पलहटा और धनेत में विकास कार्यों की जानकारी
विधायक ने बताया कि ग्राम पंचायत पलहटा में लगभग 30 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। इनमें कुछ कार्य प्रगति पर हैं, जबकि शेष कार्य जल्द शुरू करवाए जाएंगे। धनेत क्षेत्र में भी लगभग 50 लाख रुपये की लागत से विकास कार्य किए जा रहे हैं। इनमें से कुछ कार्य पूरे हो चुके हैं और अन्य प्रगति पर हैं। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों और शिक्षण संस्थानों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार अपनी प्राथमिकता बताया।
कार्यक्रम में कार्यकारी अध्यक्ष सुरेश दत्त, सचिव रमेश बंगा, पंडित ज्ञान चंद, धनेत स्कूल के प्रधानाचार्य अनिल कुमार और क्यारियां स्कूल के प्रधानाचार्य विजय पराशर उपस्थित रहे। इनके अलावा स्कूल प्रबंधन समितियों के सदस्यों, शिक्षकों, अभिभावकों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्र के अन्य गणमान्य लोगों ने भी समारोह में भाग लिया।
