Loading...

Crime / किशनपुरा उप-कारागार में जेल कर्मियों से मारपीट, पांच बंदियों पर मामला दर्ज

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 3 Hours Ago • 1 Min Read

Crime : पुलिस जिला बद्दी के अंतर्गत उप-कारागार किशनपुरा में ड्यूटी के दौरान जेल कर्मियों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने पांच बंदियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और प्रिज़न्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बद्दी

प्राप्त जानकारी के अनुसार उप-कारागार किशनपुरा में तैनात जेल वार्डर रोहित कुमार निवासी जिला मंडी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह जेल परिसर में निगरानी ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान बंदी सूर्यातेज, दीपक, सुनील, गुरचरण और गगन ने एकजुट होकर उन पर हमला कर दिया। शिकायत के अनुसार हमले में जेल वार्डर को सिर और पीठ पर चोटें आई हैं।

शिकायत में कहा गया है कि जब हवलदार नंदलाल मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव का प्रयास किया, तो आरोपित बंदियों ने उनके साथ भी मारपीट की। घटना के दौरान जेल परिसर में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। पुलिस के अनुसार बंदियों पर ड्यूटी में बाधा पहुंचाने और जेल कर्मियों को धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं।

मामले की जांच शुरू

घटना के बाद पुलिस थाना मानपुरा में पांचों बंदियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। एसपी बद्दी विनोद धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि शिकायत के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि किशनपुरा उप-कारागार पहले भी सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े मामलों को लेकर चर्चा में रहा है। इससे पूर्व जेल परिसर में प्रतिबंधित सामान और मोबाइल फोन बरामद होने जैसे मामलों में भी कार्रवाई की जा चुकी है।

Related Topics: