Loading...

Crime / सीबीआई की बड़ी कार्रवाई: 3 करोड़ की रिश्वत मांगने के आरोप में आईपीएस अधिकारी गिरफ्तार

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 2 Jul 2026 • 1 Min Read

Crime : सीबीआई ने हरियाणा काडर के एक आईपीएस अधिकारी को 3 करोड़ रुपये की कथित रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया है। मामला नकली दवा रैकेट की जांच को प्रभावित करने और हवाला के जरिए रकम पहुंचाने के आरोपों से जुड़ा है। जांच एजेंसी अब पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।

नई दिल्ली

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने भ्रष्टाचार के एक बड़े मामले में हरियाणा काडर के 2012 बैच के आईपीएस अधिकारी दीपक गहलावत को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उन्होंने नकली दवा बनाने वाले रैकेट के एक आरोपी को जांच में राहत दिलाने के नाम पर 3 करोड़ रुपये की रिश्वत की मांग की थी।दीपक गहलावत वर्तमान में नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो में क्षेत्रीय निदेशक के पद पर केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर तैनात हैं। गिरफ्तारी के बाद उन्हें दिल्ली की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें एक दिन की सीबीआई हिरासत में भेज दिया।

सीबीआई की जांच के अनुसार, पुडुचेरी में नकली दवाओं के निर्माण और बिक्री से जुड़े मामले में आरोपी कारोबारी एन. राजा को कानूनी राहत दिलाने के लिए करोड़ों रुपये की रिश्वत की डील की गई थी। इस पूरे मामले का खुलासा जून में सीबीआई की ट्रैप कार्रवाई के दौरान हुआ, जब दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा के एक निरीक्षक और एक बिचौलिए को गिरफ्तार किया गया था।जांच में सामने आया कि गिरफ्तार निरीक्षक ने कारोबारी की मुलाकात दिल्ली के एयरोसिटी स्थित कार्यालय में आईपीएस अधिकारी दीपक गहलावत से करवाई थी। आरोप है कि गहलावत ने सीबीआई अधिकारियों पर प्रभाव होने का दावा करते हुए 3 करोड़ रुपये की रिश्वत की मांग की और सौदा तय किया।

सीबीआई के मुताबिक इस कथित सौदे के तहत करीब एक करोड़ रुपये की रकम हवाला नेटवर्क के जरिए पहुंचाई भी जा चुकी थी। इसके बाद जांच एजेंसी ने अधिकारी के ठिकानों पर छापेमारी कर डिजिटल उपकरण, हार्ड डिस्क और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए।अब सीबीआई हिरासत के दौरान पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने और इस कथित सिंडिकेट में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। मामले को हाल के समय में सामने आए सबसे चर्चित भ्रष्टाचार प्रकरणों में से एक माना जा रहा है।

Related Topics: