Loading...

Crime: धर्मपुर के शनिदेव मंदिर में कथित तोड़फोड़, साई रोड पर घंटों यातायात रोका

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 2 Hours Ago • 1 Min Read

Crime: दून विधानसभा क्षेत्र के धर्मपुर में भूपनगर-साई रोड स्थित शनिदेव मंदिर में कथित तोड़फोड़ के बाद स्थानीय लोगों और युवाओं ने धर्मपुर पुल के पास धरना दिया। प्रदर्शन के कारण साई रोड पर करीब दो से तीन घंटे यातायात बाधित रहा। प्रदर्शनकारियों ने दोषियों की पहचान कर तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की।

बद्दी

शनिवार को हुए प्रदर्शन के दौरान लोगों ने मंदिर की मूर्ति और परिसर को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। धरने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवाजाही प्रभावित हुई। प्रदर्शनकारियों ने इसे धार्मिक आस्था से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच करने की मांग उठाई। सूचना मिलने के बाद बद्दी थाना पुलिस और डीएसपी बद्दी योगराज चंदेल मौके पर पहुंचे।

प्रशासन ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया

तहसीलदार और नायब तहसीलदार सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। अधिकारियों ने मामले में निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया। एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और फील्ड इंटेलिजेंस के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है। प्रदर्शनकारी घटना में शामिल लोगों की जल्द पहचान और गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।

Related Topics: