Crime / काला आंब में तकनीशियन पर तेजधार हथियार से हमला, दो आरोपियों पर केस दर्ज
Crime : सिरमौर के काला आंब क्षेत्र में दूरसंचार टावर पर तकनीकी कार्य करने पहुंचे कर्मचारियों पर कथित रूप से तेजधार हथियार से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना में दो कर्मचारी घायल हुए हैं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिरमौर/काला आंब
पुलिस के अनुसार सुरेश कुमार निवासी गांव कोरग, तहसील संगड़ाह ने शिकायत दी कि वह एरियल टेलीकॉम सॉल्यूशन कंपनी में तकनीशियन हैं। 25 जुलाई 2026 को कंपनी के निर्देश पर वह अपने साथी अनिल के साथ काला आंब स्थित टावर पर तकनीकी खराबी दूर करने पहुंचे थे। रात करीब 8:30 बजे टावर से बैटरी और अर्थिंग केबल चोरी होने के संबंध में सुमेश कुमार और मुकेश कुमार से पूछताछ की गई।
बीच-बचाव करने वाले कर्मचारी पर भी हमला
शिकायत के अनुसार पूछताछ के दौरान दोनों व्यक्ति कथित रूप से भड़क गए और तेजधार वस्तु से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए अनिल पर भी हमला किया गया। दोनों घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन ले जाया गया, जहां मेडिकल परीक्षण में चोटें तेजधार हथियार से लगना पाई गईं।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस थाना काला आंब में आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है और आगामी कानूनी कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।