Crime: कांगड़ा में 16 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत की जांच तेज, तीन और डिटेन; संख्या 10 पहुंची
Crime: कांगड़ा जिले के लंबागांव क्षेत्र में 16 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की जांच तेज हो गई है। पुलिस ने शनिवार को तीन और युवकों को पूछताछ के लिए डिटेन किया, जिसके बाद मामले में डिटेन किए गए युवकों की संख्या 10 हो गई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और जांच अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। रविवार शाम तक मामले का खुलासा होने की उम्मीद जताई गई है।
कांगड़ा/लंबागांव
लंबागांव खंड की सोल वनेहड़ पंचायत से जुड़े इस मामले की गंभीरता को देखते हुए कांगड़ा के पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा और बैजनाथ के डीएसपी शनिवार को लंबागांव थाने पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने थाने का रिकॉर्ड देखने के साथ अब तक हुई जांच, उपलब्ध साक्ष्यों और पूछताछ में सामने आए तथ्यों की जानकारी ली। पुलिस अधीक्षक ने जांच अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए और युवक की मौत से जुड़े प्रत्येक पहलू की बारीकी से पड़ताल करने को कहा।
पुलिस ने इससे पहले सात युवकों को डिटेन कर उनसे पूछताछ की थी। शनिवार को तीन अन्य युवकों को डिटेन किए जाने के बाद जांच में नई जानकारी सामने आने की बात कही गई है। पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा के अनुसार, इन तीन युवकों से हुई पूछताछ में कई अहम सुराग मिले हैं। पुलिस उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज, पूछताछ से मिली जानकारी और अन्य साक्ष्यों को आपस में जोड़कर घटनाक्रम की कड़ियां स्पष्ट करने का प्रयास कर रही है।
शुक्रवार शाम तक पुलिस को अपर लंबागांव से सुजानपुर तक युवक की आवाजाही से जुड़ी कई महत्वपूर्ण सीसीटीवी फुटेज मिल चुकी थीं। इसके बाद युवक वापस अपर लंबागांव कैसे पहुंचा, यह जांच की प्रमुख कड़ी बनी हुई थी। शनिवार को डिटेन किए गए युवकों से पूछताछ के बाद पुलिस को इस संबंध में भी महत्वपूर्ण सुराग मिलने की जानकारी है। नए तथ्यों के आधार पर पुलिस को मामला जल्द सुलझने की उम्मीद है, जबकि क्षेत्रवासियों की नजर संभावित खुलासे पर टिकी हुई है।