Loading...

Crime: पतलीकूहल मंडी से 30 लाख रुपये का सेब लेकर व्यापारी फरार, पुलिस ने शुरू की जांच

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Crime: कुल्लू जिले की पतलीकूहल सब्जी मंडी में एक व्यापारी पर आढ़तियों से करीब 30 लाख रुपये का सेब खरीदने के बाद भुगतान किए बिना फरार होने का आरोप लगा है। व्यापारी का किराये का कमरा खाली मिला और उसका मोबाइल फोन भी बंद बताया जा रहा है। पतलीकूहल सब्जी मंडी आढ़ती संघ ने पुलिस में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज करवाई है, जिसके आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

कुल्लू

प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी व्यापारी की पहचान हरिंदर साहनी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से वैशाली, बिहार का रहने वाला बताया गया है। वह पिछले तीन से चार वर्षों से पतलीकूहल सब्जी मंडी में सेब का कारोबार कर रहा था। लंबे समय से व्यापार करने के कारण मंडी के आढ़तियों का उस पर विश्वास बन गया था। आरोप है कि इसी भरोसे के आधार पर उसने मौजूदा सेब सीजन के दौरान कई आढ़तियों से बड़ी मात्रा में सेब खरीदा, लेकिन तय भुगतान नहीं किया।

बैंक में जमा करने पर चेक बाउंस

आरोप है कि व्यापारी ने कुछ आढ़तियों को भुगतान का भरोसा देने के लिए पहले से बैंक चेक दिए थे। आढ़तियों ने जब इन चेकों को बैंक में जमा किया तो खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण वे बाउंस हो गए। इसके बाद आढ़तियों ने व्यापारी से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद मिला। जानकारी करने पर पता चला कि वह अपना किराये का कमरा भी खाली कर चुका है। इसके बाद प्रभावित आढ़तियों ने संघ के माध्यम से पुलिस से संपर्क किया।

आढ़ती संघ ने कार्रवाई और भुगतान की मांग उठाई

व्यापारी के कथित रूप से सेब लेकर चले जाने से आढ़तियों की करीब 30 लाख रुपये की राशि फंस गई है। इससे उन बागवानों के भुगतान पर भी असर पड़ने की आशंका जताई गई है, जिन्होंने अपनी उपज मंडी में बेची थी। आढ़ती संघ के अध्यक्ष कुंज लाल ठाकुर ने पुलिस प्रशासन से व्यापारी की लोकेशन जल्द पता लगाने, कानूनी कार्रवाई करने और आढ़तियों की राशि वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस ने संघ की शिकायत के आधार पर मामले से जुड़े तथ्यों की छानबीन शुरू कर दी है।

Related Topics: