Loading...

नाहन केंद्रीय कारागार में विचाराधीन बंदियों के दो गुट भिड़े, कुछ को चोटें

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 53 Mins Ago • 1 Min Read

नाहन केंद्रीय कारागार में भिड़े विचाराधीन बंदियों के दो गुट, मारपीट में कई को चोटें

नाहन

मॉडल केंद्रीय कारागार नाहन में शनिवार शाम विचाराधीन बंदियों के दो गुटों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। ब्लॉक-ए में किसी बात को लेकर शुरू हुए विवाद ने देखते ही देखते झड़प का रूप ले लिया। घटना में कुछ विचाराधीन बंदियों को चोटें आई हैं। कारागार प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस थाना सदर नाहन में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार कारागार के उप अधीक्षक सीताराम की शिकायत में बताया गया है कि 15 अगस्त की शाम ब्लॉक-ए में विचाराधीन बंदियों के दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। ड्यूटी पर तैनात वार्डरों ने मौके पर पहुंचकर बंदियों को रोकने और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन बंदियों की संख्या अधिक होने के कारण तत्काल स्थिति पर काबू नहीं पाया जा सका।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त वार्डर, हेड वार्डर और कारागार अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद आवश्यक हस्तक्षेप कर दोनों गुटों को अलग किया गया और स्थिति को नियंत्रण में लिया गया। मारपीट के दौरान कुछ विचाराधीन बंदियों को चोटें आने की सूचना है।

उधर, एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि कारागार प्रबंधन की शिकायत के आधार पर पुलिस थाना सदर नाहन में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और मारपीट के कारणों तथा घटना में शामिल बंदियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।

Related Topics: