Loading...

Crime: नाहन नगर परिषद के यूजर चार्ज में 5.25 लाख के कथित गबन पर मामला दर्ज

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Crime: नाहन नगर परिषद में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण के यूजर चार्ज से जुड़े 5,25,210 रुपये के कथित गबन और रिकॉर्ड में अनियमितता को लेकर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। नगर परिषद के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी संजय कुमार की शिकायत के आधार पर पुलिस थाना नाहन ने जांच शुरू कर दी है।

नाहन

शिकायत के अनुसार नगर परिषद ने वाल्मीकि बस्ती निवासी नितिन कल्याण को यूजर चार्ज की वसूली के लिए रसीद पुस्तिकाएं जारी की थीं। वह सीएलसी के माध्यम से आउटसोर्स सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत था। आरोप है कि उसने जून 2023 से 15 सितंबर 2025 तक डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण के लिए कुल 11,18,660 रुपये का यूजर चार्ज एकत्रित किया था।

आरोप है कि एकत्रित राशि नगर परिषद के कर्मचारी अहसान अहमद के पास जमा करवाई जानी थी, लेकिन नगर परिषद के रिकॉर्ड में केवल 5,93,450 रुपये ही जमा पाए गए। जांच के दौरान कुल संग्रह और जमा राशि के बीच 5,25,210 रुपये का अंतर सामने आया। शिकायत में इस राशि के कथित गबन का आरोप लगाया गया है।

रसीद पुस्तिकाओं और रिकॉर्ड पर भी सवाल

शिकायत में कहा गया है कि 3,94,300 रुपये की राशि से संबंधित डुप्लीकेट रसीदें उपलब्ध नहीं हैं। यूजर चार्ज की वसूली के लिए जारी की गई 16 रसीद पुस्तिकाओं में से पांच पुस्तिकाएं और उनसे संबंधित रिकॉर्ड भी नगर परिषद कार्यालय में वापस जमा नहीं करवाया गया। दोनों कर्मचारियों पर आपसी मिलीभगत से सरकारी धन के गबन और रिकॉर्ड में अनियमितता के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related Topics: