Crime: राजगढ़ में युवक और बीच-बचाव करने पहुंचे पिता से मारपीट, मामला दर्ज
Crime: सिरमौर जिले के राजगढ़ उपमंडल के कटोगड़ा चमेची में रास्ता रोककर एक युवक से मारपीट करने और बीच-बचाव करने पहुंचे उसके पिता पर भी हमला करने का मामला सामने आया है। शिकायत में दोनों को चोटें लगने की बात कही गई है। पुलिस थाना राजगढ़ में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
सिरमौर/राजगढ़
कटोगड़ा चमेची निवासी ललित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 13 अगस्त की रात वह अपने दोस्त शुभम के साथ चाचा सोनू के घर खाना खाने जा रहा था। शिकायत के अनुसार, घर से कुछ दूरी पर उसी गांव के एक युवक ने उसका रास्ता रोक लिया। दोनों के बीच बहस होने के बाद आरोपी ने कथित तौर पर कड़े से ललित के सिर और कान के पास वार किया, जिससे उसे चोटें आईं।
शिकायत में कहा गया है कि मारपीट का शोर सुनकर ललित के पिता तारा दत्त मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने लगे। आरोप है कि इस दौरान आरोपी युवक जितेंद्र ने उनके सिर पर भी वार किया, जिससे उन्हें चोट आई। इसके बाद आरोपी मौके से भाग गया। एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि ललित की शिकायत पर पुलिस थाना राजगढ़ में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
