Loading...

Crime : सोलन के चौक बाजार में चाकू से 24 वर्षीय युवक की हत्या, दो घायल

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 42 Mins Ago • 1 Min Read

Crime : सोलन शहर के व्यस्त चौक बाजार में देर शाम दो गुटों के बीच झड़प के दौरान चाकू लगने से 24 वर्षीय अमन की मौत हो गई, जबकि मंथन और अंकुश घायल हुए हैं। स्थानीय लोग तीनों युवकों को क्षेत्रीय अस्पताल ले गए थे, जहां चिकित्सकों ने अमन को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मंथन और अंकुश को गिरफ्तार कर झगड़े के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

सोलन/सोलन

पुलिस के अनुसार, चौक बाजार में रात करीब 8 बजे युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि झड़प के दौरान मंथन ने अमन को चाकू मार दिया। घटना में मंथन की एक उंगली भी कट गई, जबकि बीच-बचाव करने आए अंकुश को गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोग घायल अवस्था में तीनों को क्षेत्रीय अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार से पहले ही अमन की मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलने के बाद एसपी सोलन टी साई वर्मा और एएसपी सोलन रमेश शर्मा क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने दोनों घायल युवकों से पूछताछ की। उपचार के बाद पुलिस उन्हें सदर थाना ले गई। एसपी ने बताया कि मंथन और अंकुश को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा विवाद की वजह जानने के लिए पूछताछ की जा रही है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और शनिवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।

शहर में बढ़ाई जाएगी पुलिस गश्त

सोलन में 24 घंटे के भीतर हिंसा की यह दूसरी घटना बताई गई है। इससे पहले शराब ठेके के एक सेल्समैन पर बेलचे से लगातार हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल सेल्समैन को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया, जहां उसका आईसीयू में उपचार चल रहा है। उस मामले में भी पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। एसपी सोलन ने कहा कि ऐसी घटनाओं को देखते हुए शहर में पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी और संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।

Related Topics: