Loading...

Crime / कथित हत्या व लूटपाट मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 14 Jun 2026 • 1 Min Read

Crime : नालागढ़ पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चार संदिग्ध आरोपियों में से तीन को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी फरार हो गया। आरोपियों पर हत्या, लूटपाट और चोरी जैसे मामलों में संलिप्त होने के आरोप बताए जा रहे हैं। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के तहत पंचायत भैरा-धुसाड़ा की सीमा पर नालागढ़ पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बड़ी कार्रवाई करते हुए चार संदिग्ध आरोपियों में से तीन को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया।जानकारी के अनुसार, नालागढ़ थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की। इस दौरान चार लोग एक ढाबे पर छिपे हुए पाए गए। पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोच लिया, जबकि उनका एक साथी भागने में सफल रहा।

सूत्रों के मुताबिक आरोपियों पर हत्या, लूटपाट और चोरी के मामलों में संलिप्त होने के आरोप हैं। बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश में भी इन पर हत्या और लूट की वारदातों के मामले दर्ज हैं। आरोप है कि वे वहां से एक महिंद्रा पिकअप (UP 11 BT 4248) चोरी कर हिमाचल-पंजाब सीमा क्षेत्र में पहुंचे थे। इसके बाद बद्दी-नालागढ़ क्षेत्र में भी चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात सामने आई है।

नालागढ़ पुलिस को चोरी की शिकायत मिलने के बाद जांच तेज की गई और गुप्त सूचना के आधार पर भैरा-धुसाड़ा सीमा क्षेत्र में कार्रवाई की गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने फरार आरोपी की तलाश के लिए पूरे इलाके में घेराबंदी कर रखी है। समाचार लिखे जाने तक चौथा आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर था।पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।

Related Topics: