Loading...

Accident / चंबा के ककीरा में पर्यटकों की गाड़ी खाई में गिरी, बच्चे और महिलाओं समेत 6 लोगों की मौत

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Himachalnow / चंबा

Accident : चंबा जिले के ककीरा क्षेत्र में पर्यटकों से भरी एक गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में छह लोगों की मौत हुई है, जबकि चार अन्य घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए रेफर किया गया है।

चंबा

चंबा-पठानकोट नेशनल हाईवे पर हुआ हादसा

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के डलहौजी उपमंडल के तहत ककीरा क्षेत्र में सोमवार तड़के एक सड़क हादसा सामने आया। जानकारी के अनुसार चंबा-पठानकोट नेशनल हाईवे पर घार क्षेत्र के पास एक इनोवा वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे करीब 300 मीटर गहरी खाई में गिर गया। हादसा सुबह करीब तीन बजे के आसपास हुआ बताया जा रहा है। वाहन में गुजरात के पर्यटक सवार थे, जो धर्मशाला और मनाली घूमने के बाद डलहौजी की ओर जा रहे थे। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस को इसकी सूचना दी गई, जिसके बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

हादसे में छह लोगों की मौत, चार घायल

पुलिस के अनुसार हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हुए हैं। घायलों में दो बच्चे, एक महिला और एक पुरुष शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर उपचार के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। हादसे में चालक सहित तीन पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्चे की जान गई है। मृतकों में पांच लोग गुजरात राज्य के निवासी बताए गए हैं, जबकि वाहन चालक मंडी जिला का रहने वाला था। पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य को पूरा किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

मृतकों और घायलों की पहचान की गई

चंबा पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान ललितभाई पतनानी निवासी भावनगर गुजरात, उनकी पत्नी ममताबेन ललितभाई पतनानी, काजल पत्नी प्रियंक कन्हैयालाल भोपानी, दियान्श पुत्र प्रियंक कन्हैयालाल भोपानी, प्रियंक कन्हैयालाल भोपानी तथा चालक जसवंत कुमार निवासी जोगिंदरनगर जिला मंडी के रूप में हुई है। वहीं घायलों में मयंक ललितभाई पतनानी, फोरमबेन मयंक पतनानी, जियान्श मयंक पतनानी और प्रियान्शी भोपानी शामिल हैं। पुलिस ने सभी मृतकों और घायलों की जानकारी परिजनों तक पहुंचा दी है।

हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही एसपी चंबा विजय सकलानी सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटना स्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक स्तर पर हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य किया गया।

मुख्यमंत्री और विधायक ने ली जानकारी

हादसे के बाद मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और चंबा के विधायक नीरज नैय्यर ने प्रशासन से घटना की जानकारी ली। प्रशासन को घायलों के उपचार और आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस द्वारा मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।

Related Topics: