Loading...

देहरादून ऑल इंडिया ओपन शूटिंग प्रतियोगिता में आराध्या राजपूत व देवांश चौहान ने नेशनल के लिए किया क्वालिफाई

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

देहरादून में आयोजित ऑल इंडिया ओपन शूटिंग प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश पुलिस शूटिंग क्लब, धौलाकुआं के खिलाड़ियों आराध्या राजपूत और देवांश चौहान ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाई किया। दोनों खिलाड़ियों ने अपने-अपने वर्ग में निर्धारित अंकों के साथ राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्थान सुनिश्चित किया। इस उपलब्धि पर क्लब पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों, उनके कोच और अभिभावकों को बधाई देते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

नाहन

हिमाचल प्रदेश पुलिस शूटिंग क्लब, धौलाकुआं (सिरमौर) के दो उभरते खिलाड़ियों ने देहरादून में आयोजित ऑल इंडिया ओपन शूटिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाई किया है।क्लब के सचिव एवं कोच सुरेश चौहान ने बताया कि 14 से 27 जुलाई तक देहरादून में आयोजित ऑल इंडिया ओपन शूटिंग प्रतियोगिता में क्लब के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में देवांश चौहान और आराध्या राजपूत ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में अपनी जगह सुनिश्चित की।

उन्होंने बताया कि देवांश चौहान ने 25 मीटर .22 स्पोर्ट्स पिस्टल (पुरुष वर्ग) में 300 में से 277 अंक हासिल कर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई किया। वहीं आराध्या राजपूत ने 10 मीटर एयर पिस्टल (सब यूथ महिला वर्ग) में 400 में से 339 अंक प्राप्त कर नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप का टिकट हासिल किया।

दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर हिमाचल प्रदेश पुलिस शूटिंग क्लब, धौलाकुआं के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उन्हें बधाई दी है। भारतीय रिजर्व बटालियन धौलाकुआं के कमांडेंट एवं क्लब के अध्यक्ष भागमल ठाकुर तथा उपाध्यक्ष प्रवीण ठाकुर ने दोनों खिलाड़ियों, उनके कोच और अभिभावकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों खिलाड़ी भविष्य में भी हिमाचल प्रदेश और पुलिस शूटिंग क्लब का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।