Loading...

बाल विज्ञान मेले में जीएसएसएस बंगाणा के विद्यार्थियों ने लहराया परचम

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 55 Mins Ago • 1 Min Read

उप तहसील बंगाणा के बाल विज्ञान मेले में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बंगाणा के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और वैज्ञानिक सोच का शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान हासिल किए। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी और उत्साह का माहौल है।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

बाल विज्ञान मेले के दौरान आयोजित क्विज, मॉडल निर्माण तथा विभिन्न गतिविधि प्रतियोगिताओं में जीएसएसएस बंगाणा के विद्यार्थियों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक क्षमता और विषय पर पकड़ का प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए निर्णायकों का ध्यान आकर्षित किया।

विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर शीर्ष स्थान हासिल करना उनकी मेहनत, लगन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य राजपाल सरोही ने खुशी जताते हुए विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के साथ-साथ उन्हें अपनी प्रतिभा को मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करती हैं।

प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी प्रकार मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्रतियोगिताओं की तैयारी करवाने वाले अध्यापकों के प्रयासों की भी सराहना की। विद्यालय परिवार ने सभी विजेता विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।