राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में एनएसएस स्वयंसेवकों ने चलाया स्वच्छता अभियान
उप तहसील जोल एवं ग्राम पंचायत चौकीमन्यार के अंतर्गत आने वाले राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में 21 से 27 सितंबर तक आयोजित किए जा रहे राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) सप्ताह के तहत मंगलवार को द्वितीय कार्यक्रम के रूप में स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। एनएसएस इकाई एवं इको क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जिम्मेदारी एवं सेवा भावना को बढ़ावा देना रहा।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
अभियान के दौरान एनएसएस स्वयंसेवकों और इको क्लब के सदस्यों ने महाविद्यालय परिसर, कक्षाओं, गलियारों तथा आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की। स्वयंसेवकों ने परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के साथ-साथ पूर्व में आयोजित वृक्षारोपण अभियान के तहत लगाए गए पौधों की भी विशेष देखभाल की। पौधों के आसपास उगी अनावश्यक घास एवं कचरे को हटाकर उनके संरक्षण और नियमित देखभाल का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को प्लास्टिक एवं पॉलीथीन के कम से कम उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। स्वयंसेवकों ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी अभियान तक सीमित न रहकर दैनिक जीवन की आदत बननी चाहिए। साथ ही विद्यार्थियों को अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ, सुंदर एवं हरा-भरा रखने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ० बलविंदर सिंह राणा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण प्रत्येक व्यक्ति के बेहतर जीवन के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाकर ही स्वस्थ समाज और स्वच्छ परिसर की कल्पना को साकार किया जा सकता है। उन्होंने एनएसएस स्वयंसेवकों एवं इको क्लब के सदस्यों द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रो० कविता कौशल, डॉ० रामकुमार नेगी, डॉ. सगुन डोगरा, प्रो० नवीन शर्मा सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापक, कार्यालय स्टाफ, एनएसएस स्वयंसेवक एवं इको क्लब के सदस्य उपस्थित रहे।