देवभूमि में गैंगवार और माफिया राज बर्दाश्त नहीं, कानून व्यवस्था पूरी तरह फेल : डॉ. राजीव बिंदल
हिमाचल भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने प्रदेश में बढ़ती गैंगवार, गोलीबारी और संगठित अपराध की घटनाओं को लेकर कांग्रेस सरकार पर कानून व्यवस्था पूरी तरह विफल होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विभिन्न माफिया गिरोह सक्रिय हैं और सरकार अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में असफल रही है। भाजपा ने चेतावनी दी कि यदि कानून व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो पूरे प्रदेश में दोबारा जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।
नाहन
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश में लगातार बढ़ रही गोलीबारी, गैंगवार और संगठित अपराध की घटनाओं ने देवभूमि की पहचान को गंभीर आघात पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद हो रहे हैं।नाहन स्थित भाजपा जिला मुख्यालय दीपकमल में आयोजित पत्रकार वार्ता में डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रदेश में सामने आ रही गोलीबारी की घटनाएं सामान्य आपराधिक वारदात नहीं, बल्कि सुनियोजित संगठित अपराध का हिस्सा हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन घटनाओं के पीछे ड्रग माफिया, रेत-बजरी माफिया, कबाड़ माफिया और अन्य आपराधिक गिरोह सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की निष्क्रियता के कारण संगठित अपराध लगातार पैर पसार रहा है और देवभूमि की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
डॉ. बिंदल ने कहा कि कभी ऊना, कभी बिलासपुर, कभी बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ तो कभी अन्य जिलों में लगातार फायरिंग की घटनाएं सामने आ रही हैं। प्रदेश का शायद ही कोई ऐसा क्षेत्र बचा हो, जहां गैंगवार जैसी स्थिति पैदा न हुई हो। उन्होंने कहा कि जिस गैंगवार की चर्चा पहले बिहार जैसे राज्यों में होती थी, आज वैसी ही तस्वीर हिमाचल प्रदेश में दिखाई देने लगी है, जो बेहद चिंताजनक और दुर्भाग्यपूर्ण है।उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में ड्रग माफिया, रेत-बजरी माफिया, कबाड़ माफिया, वन माफिया तथा अन्य आपराधिक गिरोह बेखौफ होकर सक्रिय हैं। विमल नेगी हत्याकांड, ऊना और बिलासपुर की गोलीबारी, ड्रग माफिया से जुड़े फायरिंग के मामले, चंबा में वन माफिया की गतिविधियां तथा सिरमौर जिले में पांवटा साहिब से कालाअंब तक कथित माफिया गतिविधियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में संगठित अपराध लगातार बढ़ रहा है और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने पिछले वर्ष भी माफिया राज के खिलाफ प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन चलाया था, लेकिन सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। इसका परिणाम यह है कि आज हालात पहले से अधिक विस्फोटक हो चुके हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि यदि सरकार ने कानून व्यवस्था में सुधार नहीं किया और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की तो भाजपा एक बार फिर पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था के मुद्दे पर जनआंदोलन छेड़ेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार के पास पुलिस बल और पूरा प्रशासनिक तंत्र होने के बावजूद अपराधों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है।
इससे स्पष्ट है कि सरकार में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने की इच्छाशक्ति का अभाव है। यदि यही स्थिति बनी रही तो बिगड़ती कानून व्यवस्था ही कांग्रेस सरकार के लिए सबसे बड़ा राजनीतिक संकट साबित होगी।पत्रकार वार्ता में प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष मनीष चौहान तथा भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राकेश गर्ग भी मौजूद रहे।