Loading...

नाहन में विकास ठप, सड़कें बदहाल और संस्थान बंद: कांग्रेस सरकार पर बरसे बिंदल

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 54 Mins Ago • 1 Min Read

नाहन में विकास ठप, सड़कें बदहाल और संस्थान बंद: कांग्रेस सरकार पर बरसे बिंदल

धौलाकुआं में भाजपा का धरना-प्रदर्शन, मुख्य मार्ग से गिरीनगर सड़क तक निकाला विरोध मार्च

नाहन, 9 सितंबर। भारतीय जनता पार्टी के माता कटासन मंडल की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को धौलाकुआं में आयोजित हुई। बैठक के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों ने प्रदेश कांग्रेस सरकार तथा नाहन के विधायक अजय सोलंकी के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया।

इसके बाद धौलाकुआं मुख्य मार्ग से गिरीनगर सड़क तक विरोध मार्च निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी और स्थानीय ग्रामीण शामिल हुए।

इस दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार और स्थानीय विधायक को क्षेत्र की बदहाल सड़कों, स्वास्थ्य संस्थानों, बेरोजगारी और प्रशासनिक व्यवस्थाओं के मुद्दे पर घेरा।

उन्होंने कहा कि माता कटासन मंडल की 18 पंचायतों में सड़कों की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है और लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में विकास कार्यों की गति थम गई है और आवश्यक सड़क व पुल निर्माण की अनदेखी की जा रही है।

डॉ. बिंदल ने पांवटा साहिब से कालाआम तक सड़क सुरक्षा व्यवस्था और भारी वाहनों की आवाजाही पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार को जनता की सुरक्षा और सड़क व्यवस्था को प्राथमिकता देनी चाहिए।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने भारापुर के सीएचसी और सैनवाला मुबारिकपुर के पीएचसी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के बजाय उन्हें कमजोर किया गया है। वहीं पांवटा ब्लॉक की 13 पंचायतों से जुड़े लोक निर्माण और जल शक्ति विभाग के कार्यालयों को नाहन स्थानांतरित किए जाने का भी विरोध किया गया।

डॉ. बिंदल ने बेरोजगारी, बिजली बिलों, बीपीएल परिवारों और कानून व्यवस्था के मुद्दों पर सरकार को घेरते हुए कहा कि कांग्रेस के दावों और जमीनी हकीकत के बीच का अंतर अब जनता के सामने स्पष्ट हो चुका है। भाजपा ने चेतावनी दी कि जनहित के मुद्दों पर संघर्ष और आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

धरना-प्रदर्शन और विरोध मार्च में मंडल अध्यक्ष मलकीत सिंह, प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष मनीष चौहान, जिला महामंत्री तपेंद्र, बृजेश गोयल, जिला भाजपा मीडिया प्रभारी राकेश गर्ग, नलका ग्राम पंचायत के प्रधान सागर सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Topics: