Loading...

ध्यूंसर सदाशिव महादेव मंदिर में 10 सितंबर को वार्षिक दंगल, विजेता को मिलेंगे 31 हजार रुपये

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 57 Mins Ago • 1 Min Read

ध्यूंसर सदाशिव महादेव मंदिर में 10 सितंबर को सजेगा वार्षिक कुश्ती मेला

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

उप तहसील जोल के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत खरयालता स्थित प्रसिद्ध ध्यूंसर सदाशिव महादेव मंदिर परिसर में 10 सितंबर 2026 को वार्षिक कुश्ती मेले का आयोजन किया जाएगा। कुश्ती मेले को लेकर मंदिर कमेटी की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मेले में पंजाब और हरियाणा के नामी पहलवानों के साथ-साथ जिला स्तर के पहलवान भी अखाड़े में अपना दमखम दिखाएंगे।

मंदिर कमेटी के अध्यक्ष प्रवीण शर्मा ने बताया कि वार्षिक कुश्ती मेले में क्षेत्र के लोगों के साथ-साथ आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है। प्रतियोगिता की फाइनल कुश्ती के लिए कुल 51 हजार रुपये का पुरस्कार रखा गया है। इसमें विजेता पहलवान को 31 हजार रुपये तथा उपविजेता को 20 हजार रुपये की नकद राशि प्रदान की जाएगी।

उन्होंने बताया कि मेले में पंजाब से भोला अटारी पहलवान और इंद्रवीर अमृतसर, जबकि हरियाणा से सोनू सिरसा और सुरेश सोनीपत सहित अन्य पहलवान भाग लेकर अपने कुश्ती कौशल का प्रदर्शन करेंगे। जिला स्तरीय पहलवानों की भागीदारी से मुकाबले और भी रोमांचक होने की उम्मीद है।

प्रवीण शर्मा ने कहा कि बाहर से आने वाले पहलवानों के ठहरने और अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए मंदिर कमेटी की ओर से उचित प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कुश्ती मेले का आनंद लेने और पहलवानों का उत्साह बढ़ाने का आह्वान किया।

Related Topics: