राज्य स्तरीय खेलों में कोटड़ी व्यास की छात्राओं का दबदबा, रग्बी खिताब के साथ हैंडबॉल में कांस्य
सिरमौर के शहीद कमल कांत मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कोटड़ी व्यास की छात्राओं ने 67वीं राज्य स्तरीय अंडर-19 छात्रा खेलकूद प्रतियोगिता में दोहरी उपलब्धि हासिल की। मानपुर देवड़ा में आयोजित प्रतियोगिता में विद्यालय की टीम ने रग्बी में पहला स्थान प्राप्त कर प्रदेश विजेता का खिताब जीता, जबकि हैंडबॉल स्पर्धा में तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक अपने नाम किया।
पांवटा साहिब
रग्बी प्रतियोगिता में कप्तान दीपिका के नेतृत्व में टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। स्नेहा, अंशवी, श्वेता, दिव्यांशी, नंदिता और प्रिया ने भी टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया। हैंडबॉल प्रतियोगिता में कप्तान नंदिता और उपकप्तान स्नेहा के नेतृत्व में छात्राओं ने शानदार तालमेल दिखाया और राज्य स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त किया। ग्रामीण परिवेश से आने वाली इन छात्राओं की सफलता से विद्यालय के साथ जिला सिरमौर को भी प्रदेश स्तर पर पहचान मिली है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य जीवन प्रकाश जोशी, एडीपीओ सिरमौर दीपिका गुरग, खेल प्रशिक्षकों और स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने छात्राओं को इस प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।