दीदग स्कूल के विद्यार्थियों ने सीखी पर्यटन व्यवसाय की बारीकियां, दो दिवसीय कार्यशाला संपन्न
Himachalnow / रराजगढ़
दीदग स्कूल के विद्यार्थियों ने पर्यटन एवं हॉस्पिटैलिटी विषय पर आयोजित कार्यशाला में व्यवहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया। दो दिवसीय इस कार्यशाला में विद्यार्थियों ने पर्यटन व्यवसाय की बारीकियों को समझा और विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को रोजगारपरक कौशल से भी अवगत कराया गया।
राजगढ़
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दीदग के विद्यार्थियों के लिए पर्यटन एवं हॉस्पिटैलिटी विषय पर आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला का समापन हो गया। हरिपुरधार के समीप मानव हिल्स रिजॉर्ट में आयोजित इस कार्यशाला में विद्यार्थियों को पर्यटन व्यवसाय की व्यवहारिक जानकारी दी गई।कार्यशाला में लगभग तीन दर्जन विद्यार्थियों ने भाग लिया और रिजॉर्ट में रात्रि ठहराव के दौरान हॉस्पिटैलिटी सेक्टर की बारीकियां सीखीं। विद्यार्थियों को हाउसकीपिंग, कैटरिंग, कुकिंग और साफ-सफाई व्यवस्था से जुड़ी गतिविधियों का प्रैक्टिकल प्रशिक्षण दिया गया।
रिजॉर्ट प्रबंधन की ओर से बताया गया कि विद्यार्थियों को किताबों तक सीमित रहने के बजाय रोजगारपरक कौशल विकसित करने पर जोर दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों से रूम सर्विस, हाउसकीपिंग, किचन प्रबंधन, टेंटिंग और कैटरिंग से जुड़े कार्य भी करवाए गए।उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं और इस दिशा में प्रशिक्षित युवा न केवल अपना भविष्य संवार सकते हैं, बल्कि अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा कर सकते हैं।
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को ट्रैकिंग भी करवाई गई। शाम के समय बोनफायर और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने हिमाचली लोक संस्कृति से भी रूबरू होकर अनुभव प्राप्त किया।इस दौरान विद्यार्थियों के साथ पर्यटन एवं हॉस्पिटैलिटी वोकेशनल शिक्षक विक्रांत समाईक, शारीरिक शिक्षक ओम प्रकाश, अंग्रेजी के प्राध्यापक मनोज कुमार, जीव विज्ञान के प्रशिक्षक बृजेश पाल, भौतिकी की अध्यापिका पूजा शर्मा और सेवादार श्यामा देवी मौजूद रहे, जिन्होंने पूरे प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।