सिरमौर के डॉ. चमन सिंह ठाकुर को मिला ‘आर्ट ऑफ गिविंग रत्न अवार्ड-2026’
साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सिरमौर जिले के नाहन निवासी डॉ. चमन सिंह ठाकुर को ‘आर्ट ऑफ गिविंग रत्न अवार्ड-2026’ से सम्मानित किया गया। झारखंड की राजधानी रांची में आर्ट ऑफ गिविंग की 13वीं वर्षगांठ पर आयोजित समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। उनकी उपलब्धि पर सिरमौर के साहित्यिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने प्रसन्नता जताई है।
सिरमौर/नाहन
समारोह में आर्ट ऑफ गिविंग के संस्थापक प्रो. डॉ. अच्युत सामंत, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय और संस्था के सचिव शेखर बोस ने डॉ. चमन सिंह ठाकुर को सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर समाजसेवा, शिक्षा, साहित्य और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली देश की विभिन्न विभूतियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद डॉ. महुआ माजी सहित कई प्रतिष्ठित हस्तियां उपस्थित रहीं।
डॉ. चमन सिंह ठाकुर लंबे समय से साहित्य के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वह अपने लेखन और विभिन्न साहित्यिक गतिविधियों के माध्यम से समाज को सकारात्मक दिशा देने का प्रयास कर रहे हैं। उनके साहित्यिक योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर भी सराहना मिल चुकी है। इससे पहले भी उन्हें विभिन्न प्रतिष्ठित राष्ट्रीय और सामाजिक सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. चमन सिंह ठाकुर ने प्रो. डॉ. अच्युत सामंत, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, संस्था के सचिव शेखर बोस और आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए नई प्रेरणा है और वह भविष्य में भी साहित्य तथा समाजहित के क्षेत्र में अपने प्रयास जारी रखेंगे। सिरमौर के साहित्यिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए इस उपलब्धि को जिले के लिए गौरव बताया।