Loading...

डुमैहर-आंजी में 8 लाख का मंच और भंडारण कक्ष लोकार्पित, सड़क के लिए 2 लाख देने की घोषणा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 50 Mins Ago • 1 Min Read

स्वास्थ्य मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने सोलन जिले के डुमैहर-आंजी स्थित मेला मैदान में आठ लाख रुपये की लागत से बने मंच और भंडारण कक्ष का लोकार्पण किया। उन्होंने बखेला से नेरी सड़क के निर्माण के लिए दो लाख रुपये देने की घोषणा भी की।

डुमैहर-आंजी में 8 लाख का मंच और भंडारण कक्ष लोकार्पित, सड़क के लिए 2 लाख देने की घोषणा

सोलन/कंडाघाट

डॉ. शांडिल ने कंडाघाट उपमंडल की ग्राम पंचायत छावशा के डुमैहर-आंजी गांव में आयोजित दो दिवसीय श्री ब्रिजेश्वर मेले के समापन समारोह की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि मेले, उत्सव और त्योहार सभ्यता के परिचायक होने के साथ आपसी भाईचारे को बढ़ावा देते हैं। ये आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों में मनोरंजन का माध्यम भी बनते हैं। उन्होंने लोगों से स्थानीय मेलों की परंपरा को संरक्षित रखने का आग्रह किया, ताकि लोक संस्कृति को बढ़ावा मिले और युवा पीढ़ी अपनी परंपराओं से परिचित हो सके।

डुमैहर-आंजी में 8 लाख का मंच और भंडारण कक्ष लोकार्पित, सड़क के लिए 2 लाख देने की घोषणा

युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान

स्वास्थ्य मंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा का उपयोग खेलकूद, सामाजिक कार्यों और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक विकास में सहायक होने के साथ युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने युवाओं से समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं को आत्मसात करने तथा इस विरासत को आने वाली पीढ़ियों के लिए सहेजने की अपील भी की।

जनसमस्याओं के समाधान के निर्देश

डॉ. शांडिल ने कहा कि ग्राम पंचायत की मांगों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा और सोलन विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही उनके निपटारे के निर्देश दिए। समापन समारोह में स्थानीय बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए और कुश्ती का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधि, मेला समिति के पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।

Related Topics: •