हरोली में 10 करोड़ का सिंथेटिक ट्रैक, 13 से 14 करोड़ में बन रहा इंडोर स्टेडियम
हरोली विधानसभा क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विस्तार के तहत रामपुर पुल के समीप करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से सिंथेटिक ट्रैक और लगभग 13 से 14 करोड़ रुपये की लागत से इंडोर स्टेडियम बनाया जा रहा है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने धर्मपुर में आयोजित छिंज मेले के दौरान यह जानकारी देते हुए कहा कि इन सुविधाओं से युवाओं को खेल अभ्यास के साथ सेना, पुलिस और अन्य भर्तियों की तैयारी में भी मदद मिलेगी।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने रविवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र के धर्मपुर में आयोजित विशाल छिंज मेले में मुख्यातिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने दंगल कमेटी और पंचायत प्रतिनिधियों का आयोजन के लिए आभार जताया तथा ग्रामीण खेलों को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि हरोली क्षेत्र में ग्रामीण खेलों, विशेषकर दंगलों के प्रति लोगों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है और लगभग हर गांव में ऐसे आयोजन हो रहे हैं।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि दंगल जैसे ग्रामीण खेल आयोजन आपसी भाईचारे और सद्भावना को मजबूत करने के साथ युवाओं को खेलों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। युवाओं और बच्चों को नशे से दूर रखने तथा उनका ध्यान खेल गतिविधियों की ओर आकर्षित करने के लिए ऐसे आयोजनों को प्रोत्साहित करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि खेल सुविधाओं का विस्तार इसी उद्देश्य से किया जा रहा है, ताकि युवाओं को अभ्यास के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध हो सकें।

पंचायतों में मैदान और लाइटों की व्यवस्था
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि हरोली की विभिन्न पंचायतों में खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं। इन मैदानों में लाइटों की व्यवस्था भी की जा रही है, जिससे युवा रात के समय भी खेल गतिविधियों में हिस्सा ले सकेंगे। उन्होंने दंगल कमेटी, पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों को आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि खेलों को प्रोत्साहित करने में समाज की भागीदारी महत्वपूर्ण है। धर्मपुर में दंगल के लिए भूमि उपलब्ध करवाने पर उन्होंने लंबरदार का विशेष आभार भी जताया।
इस अवसर पर मुकेश अग्निहोत्री ने प्रोफेसर सिमी अग्निहोत्री की स्मृति में दंगल के आयोजन के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा की। ग्राम पंचायत धर्मपुर की प्रधान सुभद्रा चौधरी ने मुख्यातिथि और अन्य अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत कांगड़ के प्रधान विनोद कुमार बिट्टू, लंबरदार नरेश, एसडीएम हरोली विशाल शर्मा और डीएसपी हरोली मोहन रावत सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

