Election / बंगाणा बीडीसी पर भाजपा का कब्जा, सुषमा देवी बनीं अध्यक्ष और विकास उपाध्यक्ष
Election : कुटलैहड़ विधानसभा में पंचायत समिति (बीडीसी) बंगाणा के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने दोनों पदों पर जीत दर्ज की। भाजपा समर्थित सुषमा देवी पंचायत समिति की नई अध्यक्ष चुनी गईं, जबकि विकास उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। परिणाम घोषित होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
इस जीत पर भाजपा की वरिष्ठ नेता देवेंद्र कुमार भुट्टो ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “बंगाणा की जनता ने बंटी-बबली की जोड़ी को पूरी तरह नकार दिया है। जनता ने विकास और पारदर्शी कार्यप्रणाली पर विश्वास जताते हुए भाजपा को स्पष्ट जनादेश दिया है।”
कथित अनियमितताओं की जांच कराने की कही बात
भुट्टो ने कहा कि अब पंचायत समिति में पूर्व कार्यकाल के दौरान हुई कथित अनियमितताओं और गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि “जिसने भी षड्यंत्र रचा होगा या विकास कार्यों में बाधा डालने का प्रयास किया होगा, उसके खिलाफ नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।”
नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को दी शुभकामनाएं
उन्होंने नव-निर्वाचित अध्यक्ष सुषमा देवी और उपाध्यक्ष विकास को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में पंचायत समिति बंगाणा विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगी और जनता की अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरी उतरेगी।
भाजपा नेताओं ने इस जीत को संगठन की एकजुटता, कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास की जीत बताते हुए कहा कि पंचायत समिति में अब पारदर्शिता, जवाबदेही और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।