Loading...

राजगढ़ के 25 वर्षीय अधिवक्ता निखिल कंवर बने हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

निर्विरोध निर्वाचन से क्षेत्र में खुशी, युवा अधिवक्ताओं की समस्याओं को प्राथमिकता देने का संकल्प। हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय बार एसोसिएशन के चुनाव 25 सितंबर 2026 को संपन्न हुए, जिसमें राजगढ़ क्षेत्र के 25 वर्षीय अधिवक्ता निखिल कंवर को कोषाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। युवा अवस्था में मिली इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी से राजगढ़ क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

राजगढ़/पवन तोमर

अधिवक्ता निखिल कंवर पुत्र राजेश कंवर मूल रूप से ग्राम थाना धार, डाकघर भुईरा, तहसील राजगढ़ के निवासी हैं। वर्तमान में वह हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय में अधिवक्ता के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। कोषाध्यक्ष पद पर उनका निर्विरोध निर्वाचन बार के सदस्यों द्वारा युवा नेतृत्व में जताए गए विश्वास को दर्शाता है।

निर्वाचन के बाद निखिल कंवर ने कहा कि वह बार एसोसिएशन के सभी सदस्यों के हितों को प्राथमिकता देंगे। विशेष रूप से नए एवं युवा अधिवक्ताओं के सामने आने वाली व्यावहारिक समस्याओं को उचित मंच पर उठाकर उनके समाधान के लिए प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्किंग, लॉकर और चैंबर जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा। साथ ही युवा अधिवक्ताओं को बेहतर कार्य-परिसर, मार्गदर्शन और पेशेवर अवसर उपलब्ध करवाने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।

निखिल कंवर ने कहा, “मेरा प्रयास रहेगा कि युवा वकीलों को बेहतर कार्य-परिसर, मार्गदर्शन, अवसर और सम्मानजनक पेशेवर वातावरण मिल सके। मैं बार के प्रत्येक सदस्य के हित में पूर्ण समर्पण, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करूंगा।”

निखिल कंवर के निर्विरोध निर्वाचित होने की सूचना मिलते ही उनके परिजनों, मित्रों, शुभचिंतकों और राजगढ़ क्षेत्र के लोगों ने उन्हें बधाई दी। स्थानीय लोगों ने उनकी इस उपलब्धि को राजगढ़ क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Related Topics: • •