Loading...

हाटी समुदाय की ऐतिहासिक जीत का चंडीगढ़ में जश्न, मिठाई बांटकर मनाई खुशी

Shailesh Saini • 4 Hours Ago • 1 Min Read

पंजाब विश्वविद्यालय में गूंजा ‘जय हाटी, जय माटी’ का नारा, दशकों के संघर्ष में योगदान देने वाले योद्धाओं को किया नमन

हिमाचल नाऊ न्यूज़ | चंडीगढ़

जिला सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र के हाटी समुदाय का अनुसूचित जनजाति का दर्जा बरकरार रखने के हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के फैसले की खुशी अब चंडीगढ़ में भी देखने को मिली।

रविवार को सिरमौर एसोसिएशन चंडीगढ़ ने पंजाब विश्वविद्यालय परिसर में मिठाई बांटकर इस ऐतिहासिक उपलब्धि का जश्न मनाया।कार्यक्रम की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष रमेश देसाई एवं मुख्य सलाहकार अधिवक्ता दिनेश सिंह चौहान ने की। इस दौरान हाटी समुदाय के दशकों लंबे संघर्ष में अहम भूमिका निभाने वाले योद्धाओं के योगदान को याद किया गया।

एसोसिएशन ने इस उपलब्धि को हाटी समुदाय की एकजुटता, संघर्ष और सामूहिक संकल्प की जीत करार दिया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, बलदेव सिंह तोमर, केंद्रीय हाटी समिति और लीगल टीम सहित संघर्ष में योगदान देने वाले सभी सहयोगियों का आभार जताया गया।

कार्यक्रम में पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के करीब दस वरिष्ठ अधिवक्ताओं सहित विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी हिस्सा लिया। सभी ने हाटी समुदाय को बधाई देते हुए उनके संघर्ष और एकजुटता की सराहना की।

इस मौके पर वरिष्ठ अधिवक्ता पदम कांत द्विवेदी, विवेक चौहान, छात्र नेता परविंदर नेगी, सक्षम शर्मा, स्नेहित वालिया, एसोसिएशन के महामंत्री गौरव, पांवटा साहिब विकास मंच के अध्यक्ष ज्ञान सिंह चौहान, अधिवक्ता नेहा तोमर, सतपाल चौहान, राजेश शर्मा, प्रियांशु तोमर, वंश भंडारी, वंश चौहान, शोधार्थी धर्मवीर और प्रियांशु सूर्या सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

एसोसिएशन ने कहा कि यह ऐतिहासिक जीत आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। साथ ही हाटी समुदाय की सांस्कृतिक पहचान, परंपराओं और एकता को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।