Election / संगड़ाह में लोकतंत्र का उत्सव: एसडीएम व बीडीओ पैदल पहुंचे दुर्गम गांवों तक, मतदाताओं का बढ़ाया हौसला
Election : संगड़ाह के दुर्गम क्षेत्रों में पंचायती राज चुनाव के दौरान मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। एसडीएम और बीडीओ ने दूरदराज के गांवों तक पैदल पहुंचकर मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया और लोगों का हौसला बढ़ाया। प्रशासनिक अधिकारियों की इस पहल को ग्रामीणों ने लोकतंत्र के प्रति प्रतिबद्धता बताया।
संगड़ाह
पंचायती राज चुनाव के दूसरे चरण में विकास खंड संगड़ाह के दुर्गम क्षेत्रों में लोकतंत्र का उत्साह चरम पर देखने को मिला। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी इस महापर्व को सफल बनाने के लिए दूरदराज के गांवों तक पैदल पहुंचकर मतदाताओं का हौसला बढ़ाया।एसडीएम संगड़ाह सुनील कायथ तथा बीडीओ नेहा नेगी ने गनोग, माईना और टिकरी-डसाकना सहित कई पंचायतों का दौरा किया। इस दौरान दोनों अधिकारी कठिन पहाड़ी रास्तों से होकर दूरस्थ गांवों तक पैदल पहुंचे और मतदान केंद्रों का निरीक्षण करने के साथ मतदाताओं से सीधा संवाद भी किया। अधिकारियों ने बुजुर्ग मतदाताओं का सम्मान कर उन्हें लोकतंत्र के प्रति जागरूकता और सहभागिता का संदेश दिया।
दूसरे चरण में विकास खंड संगड़ाह की तेरह पंचायतों में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। दुर्गम इलाकों में भी मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने प्रशासनिक अधिकारियों के गांव-गांव पहुंचने की सराहना करते हुए इसे लोकतंत्र के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता बताया।वहीं चुनाव प्रक्रिया के दौरान उपमंडल में डीएसपी पद खाली होने तथा पिछले तीन दिनों से बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित रहने की चर्चा भी क्षेत्र में बनी रही। इसके अलावा क्षेत्र में बंद किए गए विभिन्न सरकारी संस्थानों का मुद्दा भी राजनीतिक चर्चाओं में छाया रहा।इसके बावजूद पहाड़ों के दुर्गम रास्तों से लेकर गांवों की चौपालों तक लोकतंत्र का उत्सव पूरे उत्साह और शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया।