Loading...

Election / संगड़ाह में मतदान के बीच बूथों पर पहुंचे अधिकारी, मतदाताओं का बढ़ाया उत्साह

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 26 May 2026 • 1 Min Read

Election : पंचायती राज चुनाव के दौरान संगड़ाह क्षेत्र में मतदान केंद्रों पर मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। एसडीएम और बीडीओ ने विभिन्न पंचायतों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया। कुछ मतदान केंद्रों पर मतदाताओं को सम्मानित भी किया गया।

संगड़ाह

पंचायती राज चुनाव के प्रथम चरण के दौरान विकास खंड संगड़ाह में लोकतंत्र का उत्सव पूरे उत्साह के साथ दिखाई दिया। क्षेत्र की तेरह पंचायतों में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में जारी रही। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही बनी रही और लोगों ने बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।चुनावी प्रक्रिया के दौरान प्रशासनिक अधिकारी भी लगातार सक्रिय नजर आए। एसडीएम संगड़ाह सुनील कायथ और बीडीओ नेहा नेगी ने शिवपुर, नौहराधार, लानाचेता, शामरा और भूटली मानल सहित विभिन्न पंचायतों के मतदान केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर चुनाव प्रक्रिया की निगरानी की तथा मतदाताओं से बातचीत भी की।

इस दौरान कुछ मतदान केंद्रों पर लोकतंत्र के प्रति जागरूकता और मतदान के प्रति लोगों के उत्साह को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मतदाताओं को सम्मानित भी किया गया। अधिकारियों ने लोगों से अधिक से अधिक मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि मजबूत लोकतंत्र के लिए जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है।वहीं मतदान के बीच क्षेत्र में कुछ व्यवस्थागत मुद्दे भी चर्चा में रहे। कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित होने की शिकायतें सामने आईं, जबकि उपमंडलीय पुलिस अधिकारी का पद खाली होने को लेकर भी लोगों के बीच चर्चा होती रही। हालांकि इन सबके बीच मतदान प्रक्रिया क्षेत्र में शांतिपूर्ण तरीके से जारी रही।

Related Topics: