Loading...

फर्जी सैन्य अधिकारी बनकर घूमने के आरोप में गिरफ्तार युवक की संदिग्ध मौत, मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

सोलन में खुद को सैन्य अधिकारी बताकर घूमने के आरोप में पांच दिन पहले गिरफ्तार किए गए 31 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किसी संदिग्ध वस्तु के सेवन के बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। स्थानीय अस्पताल से पीजीआई चंडीगढ़ ले जाते समय उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है और मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

सोलन

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अर्पण के रूप में हुई है, जो मूल रूप से कांगड़ा जिले की बैजनाथ तहसील के टिकरी गांव का रहने वाला था। गंभीर हालत को देखते हुए उसे स्थानीय अस्पताल से पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया था, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। युवक की तबीयत किन परिस्थितियों में बिगड़ी और उसने किस वस्तु का सेवन किया था, इसकी पुष्टि जांच तथा मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

23 अक्तूबर को हुई थी गिरफ्तारी

पुलिस चौकी गढ़खल को 23 अक्तूबर को सूचना मिली थी कि कोट और आसपास के क्षेत्रों में एक युवक सेना की वर्दी पहनकर खुद को सैन्य अधिकारी बता रहा है। पुलिस टीम ने सुनारड़ी गांव में उसके किराये के कमरे पर दबिश देकर उसे पकड़ा था। तलाशी के दौरान सैन्य वर्दी वाली तस्वीर लगा एक कार्ड भी बरामद हुआ, लेकिन युवक उससे संबंधित कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस थाना कसौली में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।

फर्जी कार्ड और उद्देश्य की चल रही थी जांच

प्रारंभिक जांच में सामने आया था कि युवक सोलन के शामती स्थित एक निजी होटल में काम करता था। क्षेत्र में सैन्य छावनी और सामरिक महत्व के प्रतिष्ठान होने के कारण पुलिस यह पता लगा रही थी कि वह स्वयं को सेना का अधिकारी क्यों बता रहा था और बरामद कार्ड का इस्तेमाल कहां-कहां किया गया। उसके पूर्व रिकॉर्ड की भी पड़ताल जारी थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रमेश शर्मा ने मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि विस्तृत जांच के लिए पुलिस टीम भेजी गई है। मौत का वास्तविक कारण जांच पूरी होने और मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद स्पष्ट होगा।

Related Topics: •