FIR / डकोलर में परिवार पर हथौड़े से हमले का आरोप, महिला और बेटे को फ्रैक्चर; चार पर केस
FIR / शिमला जिले के डकोलर में पुराने विवाद की रंजिश के चलते एक परिवार पर हथौड़े से हमला करने का आरोप लगा है। घटना में महिला, उसका पति और बेटा घायल हुए हैं। मेडिकल रिपोर्ट में महिला और उसके बेटे के सिर की हड्डी में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है, जबकि पति को साधारण चोटें आई हैं। रामपुर थाना पुलिस ने शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिमला
पुलिस को दी शिकायत में डकोलर निवासी रुकमणि ने बताया कि 10 अक्तूबर को उनका स्थानीय निवासी राधा देवी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसी रंजिश के कारण उसी रात विनोद, राजू और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति ने परिवार पर हमला कर दिया। आरोप के अनुसार हमलावरों ने रुकमणि, उनके पति सीतांबर प्रसाद और बेटे अनिकेत कुमार पर हथौड़े से वार किए, जिससे तीनों घायल हो गए।
मेडिकल रिपोर्ट में गंभीर चोटों की पुष्टि
घटना के बाद तीनों घायलों को उपचार के लिए खनेरी स्थित महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर ले जाया गया। पुलिस के अनुसार अस्पताल की मेडिकल रिपोर्ट में सीतांबर प्रसाद को साधारण चोटें आने की पुष्टि हुई है। उनके बेटे अनिकेत कुमार के सिर के पिछले हिस्से की हड्डी में फ्रैक्चर पाया गया है। वहीं, रुकमणि के माथे की हड्डी में फ्रैक्चर के साथ एपिड्यूरल हेमेटोमा यानी सिर के भीतर चोट और रक्तस्राव की पुष्टि हुई है।
रामपुर थाना पुलिस ने रुकमणि की शिकायत और खनेरी अस्पताल से मिली आधिकारिक मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की है। मामले में विनोद, राजू, राधा देवी और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।