Loading...

FIR / पुराने दानदाता की फर्जी ई-मेल से बौद्ध संस्थान को 6.58 लाख की चपत

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

FIR / धर्मशाला के समीप एक बौद्ध धार्मिक संस्थान को पुराने दानदाता के नाम से मिलती-जुलती फर्जी ई-मेल भेजकर 6.58 लाख रुपये की ठगी की गई। ठगों ने दो परिचितों के आपातकालीन इलाज के लिए भारत आने की बात कहकर आर्थिक सहायता मांगी। संस्थान के छह कर्मचारियों ने नौ बार में दो बैंक खातों में रकम भेजी। वास्तविक दानदाता से संपर्क करने पर धोखाधड़ी सामने आई, जिसके बाद बीएनएस की धारा 318(4) के तहत जीरो एफआईआर दर्ज की गई।

धर्मशाला

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, संस्थान को पांच अक्तूबर को एक ई-मेल मिली थी, जो उसके पुराने दानदाता के नाम से मिलती-जुलती थी। इसमें दावा किया गया कि दानदाता के दो परिचित इलाज के लिए भारत आ रहे हैं और वह सीधे किसी भारतीय बैंक खाते में पैसे नहीं भेज पा रहे हैं। रकम जल्द लौटाने का भरोसा देते हुए संस्थान से आर्थिक मदद मांगी गई। संस्थान ने कार्यालय के खाते से भुगतान करने में असमर्थता जताई तो कथित ठगों ने निदेशक का मोबाइल नंबर लिया और व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क किया।

छह कर्मचारियों ने नौ बार भेजी रकम

शिकायत के मुताबिक, निदेशक के कहने पर संस्थान के छह कर्मचारियों ने छह से नौ अक्तूबर के बीच कुल 6.58 लाख रुपये ट्रांसफर किए। यह राशि नौ बार में बैंक ऑफ महाराष्ट्र और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के दो खातों में भेजी गई। बाद में संस्थान प्रबंधन ने वास्तविक दानदाता से संपर्क किया तो उन्होंने स्पष्ट किया कि न तो ऐसी कोई ई-मेल भेजी गई थी और न ही आर्थिक सहायता मांगी गई थी। इसके बाद संस्थान को ठगी का पता चला और मामले की शिकायत पुलिस को दी गई।

Related Topics: •