मंडी में चार दिन से लापता 55 वर्षीय व्यक्ति का शव घर के पास मिला, पुलिस जांच शुरू
मंडी जिले के बल्ह क्षेत्र में चार दिन से लापता 55 वर्षीय रमेश चंद का शव उनके घर से करीब 200 मीटर दूर मिला है। सूचना मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके से साक्ष्य जुटाए। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा।
मंडी
मामला बल्ह क्षेत्र के सयोशी गांव का है। मृतक की पहचान रमेश चंद, पुत्र भूप सिंह, निवासी गांव सयोशी, डाकघर दियारगी, तहसील बल्ह के रूप में हुई है। रमेश चंद 14 अक्टूबर से अचानक लापता थे। परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों में लगातार उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद परिवार ने 16 अक्टूबर को पुलिस के पास उनकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई थी। रविवार को तलाश के दौरान उनका शव घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर पड़ा मिला।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए क्षेत्रीय फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला मंडी की विशेषज्ञ टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। एसपी विनोद कुमार के अनुसार मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।