Loading...

FIR / जयसिंहपुर में कनिष्ठ अभियंता पर हमला, ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 15 Hours Ago • 1 Min Read

FIR / कांगड़ा जिले के जयसिंहपुर स्थित जल शक्ति विभाग के हलेड़ उपमंडल कार्यालय में सोमवार दोपहर एक ठेकेदार पर कनिष्ठ अभियंता से गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगा है। हमले में कनिष्ठ अभियंता के सिर पर गंभीर चोट आई। शिकायत और चिकित्सीय जांच रिपोर्ट के आधार पर लंबागांव पुलिस ने आरोपी ठेकेदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कांगड़ा/जयसिंहपुर

पुलिस को दी शिकायत में कनिष्ठ अभियंता ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे वह सहायक अभियंता कार्यालय के एक कमरे में विभागीय काम कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान ठेकेदार कमरे में आया और उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज करने लगा। कनिष्ठ अभियंता ने इसका विरोध किया और ठेकेदार को कमरे से बाहर जाने के लिए कहा, जिसके बाद दोनों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई।

शिकायत के अनुसार, ठेकेदार ने कनिष्ठ अभियंता के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गए। आरोप है कि इसके बाद उसने सहायक अभियंता की मेज पर रखे सरकारी दस्तावेज और अन्य सामान भी उठाकर इधर-उधर फेंक दिया। घटना के बाद घायल कनिष्ठ अभियंता को नागरिक चिकित्सालय जयसिंहपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया।

पुलिस उप अधीक्षक संदीप शर्मा ने बताया कि पीड़ित कनिष्ठ अभियंता की तहरीर पर आरोपी ठेकेदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों और चिकित्सीय जांच रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

Related Topics: •