FIR: पुरुवाला में पांच लीटर अवैध शराब बरामद, स्कूल शिक्षिका से मारपीट का मामला
FIR: सिरमौर जिले के पुरुवाला थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। पहले मामले में गश्त के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर एक व्यक्ति से पांच लीटर अवैध शराब बरामद करने का दावा किया गया है। दूसरे मामले में श्यामपुर स्थित एक स्कूल की शिक्षिका ने महिला पर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस दोनों मामलों में आगामी जांच कर रही है।
सिरमौर/पांवटा साहिब
पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर 2026 को पुरुवाला थाने की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान सूचना मिली कि नारीवाला, डाकघर निहालगढ़ निवासी बलीन्द्र अवैध शराब बेचने का काम करता है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तलाशी ली और संबंधित व्यक्ति से पांच लीटर अवैध शराब बरामद की। इसके बाद पुरुवाला पुलिस थाने में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में आगामी जांच जारी है।
स्कूल परिसर में मारपीट का आरोप
दूसरा मामला 10 सितंबर 2026 को दर्ज किया गया। भंगानी निवासी सतवीर कौर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एसवीएन स्कूल श्यामपुर में शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं। शिकायत के अनुसार, वह अन्य अध्यापकों के साथ स्कूल के बरामदे में बैठी थीं। इसी दौरान बांगरण निवासी श्यामा देवी स्कूल पहुंचीं और कथित तौर पर उनके साथ गाली-गलौज तथा मारपीट की। शिकायत के आधार पर पुरुवाला पुलिस ने आरोपी महिला के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।