FIR / चलती बाइक पर पीछे बैठे व्यक्ति की संदिग्ध मौत, हेलमेट के भीतर मिली गोली
FIR / सिरमौर जिले के शिलाई क्षेत्र में चलती बाइक पर पीछे बैठे 55 वर्षीय खजान सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बाइक चला रहे उनके चचेरे भाई रविंद्र के हेलमेट पर गोली का निशान और भीतर गोली मिलने के बाद मामला दर्ज किया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी।
सिरमौर/शिलाई
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जामु कोटी निवासी रविंद्र और खजान सिंह मंगलवार को शिलाई उपमंडल की कोटी उतरो पंचायत के एक गांव से मेहमाननवाजी के बाद बाइक पर घर लौट रहे थे। रास्ते में रविंद्र को महसूस हुआ कि पीछे बैठे खजान सिंह अचानक अचेत हो गए हैं। कुछ देर बाद वह बाइक से नीचे गिर पड़े। उस समय रविंद्र को गोली चलने की आवाज सुनाई नहीं दी और न ही यह पता चल सका कि खजान सिंह को गोली लगी है।
घायल खजान सिंह को उपचार के लिए पांवटा साहिब अस्पताल ले जाया गया। प्रारंभ में परिजनों और साथ आए लोगों ने माना कि उन्हें पत्थर लगने से चोट आई है। गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें चंडीगढ़ पीजीआई रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने रास्ते में दम तोड़ दिया। इसके बाद शव को नाहन मेडिकल कॉलेज लाया गया। मृतक खजान सिंह और बाइक चला रहे रविंद्र चचेरे भाई बताए गए हैं।
हेलमेट की जांच के बाद गहराया संदेह
घटना का संदिग्ध पहलू उस समय सामने आया, जब शाम करीब चार बजे रविंद्र ने अपना हेलमेट देखा। हेलमेट पर गोली जैसा निशान मिला और जांच करने पर उसके भीतर से गोली भी निकली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गोली पहले खजान सिंह के सिर से निकलने के बाद रविंद्र के हेलमेट में जा धंसी। सूचना मिलने पर नाहन से अतिरिक्त थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और रविंद्र के बयान दर्ज किए गए।
डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही खजान सिंह की मौत के वास्तविक कारणों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल शिलाई पुलिस यह पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच कर रही है कि गोली कहां से चली और किन परिस्थितियों में खजान सिंह को लगी। जांच पूरी होने और चिकित्सकीय रिपोर्ट सामने आने तक मौत के कारणों को लेकर अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है।