Fraud / धर्मशाला में अग्निवीर भर्ती के नाम पर ठगी का आरोप, दो कथित दलाल गिरफ्तार
धर्मशाला में चल रही अग्निवीर भर्ती रैली के दौरान युवाओं को सेना में भर्ती करवाने का झांसा देकर ठगी करने के आरोप में दो कथित दलालों को गिरफ्तार किया गया है। मिलिट्री इंटेलिजेंस और धर्मशाला पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। आरोप है कि दोनों उम्मीदवारों से पैसे लेकर उनका चयन कराने का दावा कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, खुफिया एजेंसियों को भर्ती रैली के आसपास कुछ लोगों के सक्रिय होने की सूचना मिली थी। ये लोग अभ्यर्थियों को गुमराह कर फर्जी तरीके से भर्ती कराने का लालच दे रहे थे। सूचना के आधार पर मिलिट्री इंटेलिजेंस और धर्मशाला पुलिस ने योजना बनाकर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
करनाल के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमन (27) पुत्र बलवान सिंह निवासी गांव पिछोलिया, पोस्ट जुंडला, करनाल और शुभम (30) पुत्र रमेश निवासी गांव अपराना, पोस्ट मुनक, करनाल के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों भर्ती प्रक्रिया में शामिल युवाओं को झांसे में लेकर उनसे पैसे ऐंठने की कोशिश कर रहे थे।
गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की जांच
पुलिस अधीक्षक बीर बहादुर ने बताया कि आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं तथा अब तक कितने युवाओं को ठगी का शिकार बनाया गया है।