गगल में युवक गिरफ्तार : 166.98 ग्राम चरस के साथ पकड़ा गया
Himachalnow / कांगड़ा
पुलिस ने मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर शुरू की कार्रवाई।
गगल(तियारा)। पुलिस थाना गगल की टीम ने मादक पदार्थ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को 166.98 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान छोटू राम, पुत्र विजय कुमार, निवासी गांव सिद्धपुर तत्तवानी के रूप में हुई है। पुलिस ने चरस को जब्त कर युवक के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
थाना प्रभारी उधम सिंह राजपूत ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बीती रात एएसआई भूपी ठाकुर के नेतृत्व में गगल पुलिस की टीम गश्त पर थी। इस दौरान गांव तियारा के मैदान में बैठे युवक की तलाशी ली गई, जिसमें उसके कब्जे से उक्त मात्रा में चरस बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे जांच जारी है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस ने इस कार्रवाई को नशा तस्करों के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सफलता बताया है।