रावमापा गोंदपुर बुल्ला में सड़क सुरक्षा अभियान पर जागरूकता शिविर आयोजित
Himachalnow / ऊना / वीरेंद्र बन्याल
बच्चों को सड़क सुरक्षा नियमों की अनुपालना और घायलों की मदद का दिया संदेश
ऊना जिले में चलाए जा रहे सड़क सुरक्षा अभियान के तहत क्षेत्रीय परिवहन विभाग ऊना ने शुक्रवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गोंदपुर बुल्ला में जागरूकता शिविर आयोजित किया। इस शिविर की अध्यक्षता आरटीओ ऊना अशोक कुमार ने की।
सड़क सुरक्षा नियमों पर विशेष जोर
आरटीओ अशोक धीमान ने शिविर में उपस्थित स्कूली बच्चों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने बताया कि तेज गति, लापरवाही से ओवरटेक करना और सुरक्षा नियमों की अनदेखी सड़क दुर्घटनाओं के मुख्य कारण हैं। उन्होंने बच्चों को नशे से दूर रहकर सतर्कता के साथ वाहन चलाने और दुर्घटनाओं के शिकार घायलों की मदद करने की भी सलाह दी।
“गुड स्मार्टियंस योजना” की जानकारी
आरटीओ ने बच्चों को “गुड स्मार्टियंस” योजना के बारे में जानकारी दी। इस योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को हादसे के तुरंत बाद “गोल्डन आवर” के भीतर अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को 5000 रुपये का नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है। इस योजना का उद्देश्य घायलों की मदद करना और सड़क दुर्घटनाओं में मौत के मामलों में कमी लाना है।
शपथ और प्रतियोगिताएं
इस दौरान आरटीओ ने बच्चों को सड़क सुरक्षा नियमों की अनुपालना की शपथ दिलाई। शिविर में भाषण, पोस्टर मेकिंग और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विजेताओं को सम्मानित भी किया गया।
प्रधानाचार्य और स्टाफ की उपस्थिति
शिविर में स्कूल के प्रधानाचार्य रामजी मोदगिल सहित पूरा स्टाफ उपस्थित रहा।