घुंघन कलां का बंद राजकीय प्राथमिक स्कूल दोबारा खोलने के आदेश जारी
विधायक विवेक शर्मा के प्रयासों से घुंघन कलां प्राइमरी स्कूल फिर खुलेगा
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के घुंघन कलां गांव के बच्चों और अभिभावकों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। विधायक विवेक शर्मा के प्रयासों के बाद गांव में बंद पड़े राजकीय प्राथमिक स्कूल को दोबारा खोलने की सरकार से स्वीकृति मिल गई है। इस संबंध में सरकार की ओर से स्कूल को पुनः संचालित करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
स्कूल दोबारा खुलने की खबर मिलते ही घुंघन कलां गांव सहित आसपास के क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। लंबे समय से स्कूल को पुनः खोलने की मांग कर रहे स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों, अभिभावकों और ग्रामीणों ने विधायक विवेक शर्मा का आभार जताते हुए कहा कि विधायक ने उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया और इसे समाधान तक पहुंचाया।
स्थानीय लोगों ने कहा कि प्राथमिक स्तर के बच्चों के लिए गांव में ही स्कूल की सुविधा होना बेहद जरूरी है। स्कूल बंद होने के कारण छोटे बच्चों को शिक्षा के लिए दूर जाना पड़ रहा था, जिससे अभिभावकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अब स्कूल दोबारा शुरू होने से बच्चों को घर के नजदीक शिक्षा की सुविधा मिलेगी और अभिभावकों की चिंता भी दूर होगी।
पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने विधायक विवेक शर्मा की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने जनता की मांग को केवल आश्वासन तक सीमित नहीं रखा, बल्कि सरकार के स्तर पर लगातार प्रयास कर स्कूल को दोबारा खुलवाने में अहम भूमिका निभाई। ग्रामीणों ने उत्साह के साथ कहा, “नेता हो तो विवेक शर्मा जैसा, जो जनता की समस्या को अपनी समस्या समझकर समाधान करवाए।”
ग्रामीणों ने कहा कि घुंघन कलां के प्राथमिक स्कूल का दोबारा खुलना क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने विधायक विवेक शर्मा से भविष्य में भी क्षेत्र की शिक्षा, सड़क, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करवाने की उम्मीद जताई।
वहीं, स्कूल दोबारा खोलने के सरकार के आदेश जारी होने पर स्थानीय लोगों ने विधायक विवेक शर्मा का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
