Loading...

Government Decision: घुंघन कला में दोबारा खुला प्राथमिक विद्यालय, 10 बच्चों ने लिया दाखिला

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 7 Hours Ago • 1 Min Read

कुटलैहड़ की घुंघन कला पंचायत में फिर गूंजी स्कूल की घंटी

ऊना/वीरेंद्र बन्याल/हिमाचल नाऊ न्यूज।

कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत घुंघन कला के ग्रामीणों के लिए राहत और खुशी की खबर है। लंबे समय से बंद पड़ा राजकीय प्राथमिक विद्यालय घुंघन कलां अब एक बार फिर बच्चों की चहल-पहल से गुलजार हो गया है। स्कूल दोबारा खुलने के बाद दस बच्चों ने दाखिला लेकर शिक्षा की नई शुरुआत की है।

ग्रामीणों की लंबे समय से मांग थी कि गांव के प्राथमिक स्कूल को पुनः खोला जाए, ताकि छोटे बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा के लिए दूर न जाना पड़े। इस मांग को लेकर ग्रामीणों ने कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा के समक्ष मामला उठाया। विधायक ने जनता की समस्या को गंभीरता से लेते हुए स्कूल को दोबारा खुलवाने के लिए प्रयास किए।

विधायक विवेक शर्मा के प्रयासों के बाद मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जनता की मांग को प्राथमिकता देते हुए राजकीय प्राथमिक विद्यालय घुंघन कला को पुनः खोलने की मंजूरी प्रदान की। सरकार के इस फैसले के बाद अब गांव के बच्चों को अपने घर के नजदीक ही प्राथमिक शिक्षा की सुविधा मिल सकेगी।

स्कूल खुलने से ग्रामीणों में खासा उत्साह है। अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने कहा कि विद्यालय का दोबारा खुलना गांव के लिए बड़ी उपलब्धि है। इससे न केवल बच्चों को सुविधा मिलेगी, बल्कि गांव में शिक्षा का माहौल भी मजबूत होगा।

ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू और विधायक विवेक शर्मा का आभार जताते हुए कहा कि जनता की मांग को गंभीरता से सुनकर उसे धरातल पर उतारना क्षेत्र के लिए राहत की बात है। उन्होंने विधायक के प्रयासों के लिए धन्यवाद करते हुए कहा कि स्कूल खुलने से गांव के छोटे बच्चों और अभिभावकों की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हुआ है।

दस बच्चों के दाखिले के साथ स्कूल में फिर से पढ़ाई शुरू होना घुंघन कला के लिए शिक्षा के क्षेत्र में नई उम्मीद की शुरुआत माना जा रहा है।