Government Decision: हिमाचल के सीबीएसई स्कूलों में यूनिफॉर्म, शिक्षक ड्रेस कोड और भवनों के रंग तय
Government Decision: हिमाचल प्रदेश सरकार ने सीबीएसई स्कूलों के विद्यार्थियों की यूनिफॉर्म, शिक्षकों के ड्रेस कोड और स्कूल भवनों की रंग योजना तय कर दी है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में हुई शिक्षा विभाग की बैठक में इन व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने पर चर्चा की गई। सरकार का कहना है कि इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को घर के नजदीक गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाना है।
हिमाचल प्रदेश
बैठक में तय किया गया कि सीबीएसई स्कूलों के विद्यार्थियों की विशिष्ट यूनिफॉर्म हरे रंग की थीम पर आधारित होगी। महिला शिक्षिकाएं हल्के लाइलैक यानी बैंगनी रंग की पोशाक पहनेंगी, जबकि पुरुष शिक्षकों के लिए हल्के नीले रंग की पैंट और शर्ट निर्धारित की गई है। शिक्षकों का ड्रेस कोड साफ-सुथरा, औपचारिक, शालीन और पेशेवर होगा। इसमें सहायक वस्तुओं का न्यूनतम उपयोग किया जाएगा। ड्यूटी के दौरान सभी शिक्षकों के लिए अपना पहचान पत्र पहनना भी अनिवार्य रहेगा।
स्कूल भवनों के लिए भी रंग योजना निर्धारित
सीबीएसई स्कूलों के भवनों को ऑलिव ग्रीन और सैंड बेज रंगों से रंगा जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इन स्कूलों में आवश्यक आधारभूत ढांचा विकसित करने के साथ विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं को मजबूत कर रही है। सरकार ने इस उद्देश्य के लिए 80 करोड़ रुपये जारी किए हैं और अतिरिक्त पांच करोड़ रुपये भी जारी किए जाएंगे।
बैठक में विधायक सुरेश कुमार, चंद्र शेखर और नीरज नैय्यर, हिमाचल प्रदेश निजी शिक्षण संस्थान विनियामक आयोग के सदस्य विजय पाल सिंह, शिक्षा सचिव राकेश कंवर, स्कूल शिक्षा निदेशक आशीष कोहली तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में सीबीएसई स्कूलों की निर्धारित पहचान और शैक्षणिक सुविधाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार किया गया।